अस्पतालों में उल्टी-दस्त और बुखार के मरीज बढ़े
-प्रचंड गर्मी जारी, चौथे दिन भी पारा 42 के पार नोएडा, प्रमुख संवाददाता। प्रचंड गर्मी

नोएडा, प्रमुख संवाददाता। प्रचंड गर्मी से गुरुवार को भी लोग परेशान रहे। लगातार चौथे दिन गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी ने रात और सुबह भी लोगों को परेशान में डाला। गर्मी से अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और बुखार के मरीज बढ़ गए। जिला अस्पताल के आपातकालीन विभाग में प्रत्येक दिन ऐसे 15-20 मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। वहीं ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या 300 से अधिक है। एसी नहीं चलने से भर्ती मरीजों को गर्मी परेशान कर रही है। अस्पताल चारों तरफ से शीशे से बंद हैं।
खिड़कियां नहीं हैं। वार्डों में एसी भी नहीं है, जिससे उमस के कारण मरीज परेशान हैं। पंखे से गर्मी खत्म नहीं हो रही है। कई वार्डों के शीशे हटाए गए हैं। ताकि बाहर से हवा आ सके। नोएडा का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा। एक दिन पहले के मुकाबले यह 2.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। देर रात को बिजली कट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी। रात के दो बजे से चार बजे के बीच सबसे कम तापमान (न्यूनतम तापमान) रहता है। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिन भी लू चलने की आशंका है। अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री तक रहने का अनुमान है। 17 जून को तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। गर्मी से बचाव के लिए ये एहतियात बरतें -खूब पानी पिएं, छाछ, लस्सी, नींबू पानी आदि का भी सेवन करें - हल्के, ढीले शरीर को ज्यादा ढंकने वाले कपड़े पहनें -दोपहर में बाहर जाने से बचें, जरूरत होने पर ही बाहर निकलें - ठंडे वातावरण में रहें -दोपहिया वाहन के आगे बैठाकर बच्चों को न ले जाएं -टोपी और धूप का चश्मा पहनें लू लगने के लक्षण -शरीर का तापमान बढ़ना -शुरू में तेज पसीना आना, बाद में बंद हो जाना -सिर दर्द, चक्कर आना, और जी मिचलाना -मांसपेशियों में ऐंठन -उल्टी और दस्त -बेहोशी लू लगने पर ये एहतियात बरतें -तुरंत ठंडी जगह पर जाएं - ठंडा पानी पिएं, - ठंडे पानी से स्नान करें, -डॉक्टर से संपर्क करें.
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।