पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने आईपीएल 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 111 रन डिफेंड करके इतिहास रच डाला। पीबीकेएस ने सबसे छोटे स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वहीं, श्रेयस अय्यर आईपीएल इतिहास में सबसे छोटा स्कोर डिफेंड करने वाले कप्तानों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं। श्रेयस ब्रिगेड ने केकेआर को रनों पर ऑलआउट किया और 16 रनों से मैच जीता।
श्रेयस से पहले आईपीएल में सबसे छोटा स्कोर डिफेंड करने वाले कप्तान का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम था। धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने साल 2009 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 116 रनों का बचाव किया। पंजाब टीम 92 रनों पर सिमट गई थी। चेन्नई को 24 रनों से जीत मिली।
लिस्ट में तीसरे नंबर पर केन विलियमसन हैं। विलियमसन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) 118 रन डिफेंड कर चुकी है। एसआरएच ने 2018 में मुंबई इंडियंस (एमआई) को 87 रनों पर ढेर कर दिया था। कम स्कोर बनाने के बावजूद हैदराबाद को 31 रनों से जीत नसीब हुई थी।
पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह भी सूची में शामिल हैं। उनके नेतृत्व में किंग्स इलेवन पंजाब ने साल 2009 में मुंबई इंडियंस के सामने 119 रनों का बचाव किया था। पंजाब टीम ने 3 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की थी।
पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह फेहरिस्त में पाचवें स्थान पर हैं। हरभजन की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2012 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 120 रन डिफेंड किए थे। मुंबई को महज एक रन से जीत मिली थी। हरभजन ने मैच में दो विकेट चटकाए थे।