जिले में खोले जाएं मूंग और मक्का के खरीद केंद्र
Agra News - किसान अपने फसल के समर्थन मूल्य (एमएसपी) से वंचित हैं क्योंकि जनपद में मूंग और मक्का के खरीद केंद्र नहीं खुल रहे हैं। मंडियों में व्यापारी कम दाम पर फसल खरीद रहे हैं। किसान नेताओं ने अधिकारियों पर...

जनपद में मूंग और मक्का के खरीद केंद्र न खुलने से किसान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। उन्हें समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ नहीं मिल रहा है। मंडियों में व्यापारी कम दाम पर उनकी फसल की खरीद कर रहे हैं। कई बार अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया है। लेकिन, अभी तक सुनवाई नहीं हुई है। ये बातें बुधवार को बिचपुरी स्थिति कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित किसान दिवस के दौरान किसानों ने कहीं। उन्होंने जल्द खरीद केंद्र खोलने की मांग की है। महीने के तीसरे बुधवार को सर्वप्रथम जनपद में नवागत अधिकारियों का किसानों ने स्वागत किया।
इसके बाद उर्वरक, नहरों की सफाई, नहरों में केमिकल युक्त पानी, निजी नलकूपों को बिजली न मिलने, जैविक खेती इत्यादि की मुद्दे उठाए। जमकर नाराजगी व्यक्त की। किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने पशु पालन विभाग को आड़े हाथ लिया। उन्होंने बताया कि गोशालाओं की हालत खराब हो रही है। यहां बिजली, पानी और हरे चारे की व्यवस्था तक नहीं है। गोवंश की मौत हो रही है। जिम्मेदार अधिकारी चुप हैं। जबकि, सरकार इन गोवंश के भरण-पोषण के लिए 50 रुपये प्रति गोवंश के हिसाब से दे रही है। किसान नेता मुकेश पाठक ने नहर विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाए। कहा, नालों की खुदाई और सिल्ट सफाई मानकों के अनुरूप नहीं कराई जा रही है। सरकारी धन का अधिकारी और ठेकेदार मिलकर बंदरबांट कर रहे हैं। सफाई के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। इसकी जांच कराई जाए। किसान नेता सोमवीर यादव ने बिजली विभाग पर सवाल खड़े किए। कहा, भीषण गर्मी में कटौती का खेल जारी है। गांवों में 10 से 12 घंटे ही लाइट दी जा रही है। ग्रामीण परेशान हैं। किसान लक्ष्मी नारायण बघेल ने कहा कि सहकारिता विभाग की बैंकों में स्कॉलरशिप का पैसा पड़ा हुआ है। वो आज तक छात्र-छात्राओं को नहीं दिया गया है। ये पैसा छात्र-छात्राओं में वितरित किया जाए या सरकार को वापस कर दिया जाए। इस मौके पर कृषि उपनिदेशक मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, को-ऑपरेटिव एआर विमल कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी नंद किशोर, अधिशासी अभियंता विद्युत रामसेवक सिंह, किसान नेता मोहन सिंह चाहर, महावीर प्रधान, गोपाल सिंह, लाखन सिंह त्यागी आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।