आधी फसल खा गए छुट्टा पशु, किसान ने पूरी जोत दी
Amroha News - गजरौला के गांव सलेमपुर गोंसाई में किसान योगेंद्र सिंह की पांच बीघा गन्ने की फसल छुट्टा पशुओं द्वारा नष्ट कर दी गई। परेशान होकर किसान ने अपनी पूरी फसल को ट्रैक्टर से जोत दिया। किसान ने प्रशासन से...

गजरौला। क्षेत्र के गांव में किसान की पांच बीघा गन्ने की फसल को छुट्टा पशु आधा खा गए। इससे नाराज किसान ने गुरुवार को अपनी पूरी फसल को ही ट्रैक्टर से जोत दिया। पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं, एसडीएम का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है किसान शिकायत लेकर पहुंचता है तो जांच की जाएगी। गजरौला क्षेत्र में छुट्टा पशुओं का आतंक है। कभी हादसों का कारण बनते हैं तो कभी किसानों की फसलों को बर्बाद करते दिखते हैं। किसान दिनरात अपनी फसल की रखवाली करने को मजबूर हैं। इसके बावजूद पशु आए दिन फसलों को नष्ट करते नजर आते हैं।
ऐसा ही मामला क्षेत्र के गांव सलेमपुर गोंसाई में सामने आया है। यहां किसान योगेंद्र सिंह का परिवार रहता है। उसने बताया कि उसने पांच बीघा में गन्ने की फसल बोई थी। लेकिन क्षेत्र में छुट्टा पशु के आतंक कारण वह नष्ट हो गई। छुट्टा पशु आधी फसल खा गए। काफी प्रयासों के बाद भी किसान पशुओं से अपनी फसल को नहीं बचा सका। परेशान होकर गुरुवार को किसान योगेंद्र सिंह ने ट्रैक्टर से अपनी फसल को जोत दिया। किसान के मुताबिक उसका करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। एसडीएम चंद्रकांता ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है किसान शिकायत लेकर पहुंचता है तो जांच की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।