Farmers Protest in Rajabpur Highway Blocked Over Officials Absence पंचायत में नहीं पहुंचे जिम्मेदार अफसर तो जाम किया नेशनल हाईवे, मचा हड़कंप , Amroha Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAmroha NewsFarmers Protest in Rajabpur Highway Blocked Over Officials Absence

पंचायत में नहीं पहुंचे जिम्मेदार अफसर तो जाम किया नेशनल हाईवे, मचा हड़कंप

Amroha News - रजबपुर, संवाददाता। रजबपुर के साप्ताहिक बाजार में भाकियू चौधरी करतार सिंह की गुट की पंचायत में जिम्मेदार अफसरों के नहीं पहुंचने पर पदाधिकारियों का गुस

Newswrap हिन्दुस्तान, अमरोहाThu, 29 May 2025 03:56 AM
share Share
Follow Us on
पंचायत में नहीं पहुंचे जिम्मेदार अफसर तो जाम किया नेशनल हाईवे, मचा हड़कंप

रजबपुर के साप्ताहिक बाजार में भाकियू चौधरी करतार सिंह की गुट की पंचायत में जिम्मेदार अफसरों के नहीं पहुंचने पर पदाधिकारियों का गुस्सा फूट गया। गुस्साए पदाधिकारियों ने रजबपुर पुलिस चौकी के पास दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीषण गर्मी के बीच करीब 20 मिनट तक लगे जाम में फंसकर वाहन चालक व राहगीर खासे परेशान नजर आए। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने बमुश्किल संगठन पदाधिकारियों को किसानों की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। बुधवार को भारतीय किसान यूनियन चौधरी करतार सिंह गुट की रजबपुर बाजार मैदान में किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर पंचायत हुई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी महावीर सिंह ने कहा कि सहकारिता विभाग किसानों से सात प्रतिशत की ब्याज कटौती कर रहा है जबकि पहले तीन प्रतिशत का नियम था। मांग की कि किसानों से तीन प्रतिशत ब्याज की ही कटौती की जाए। बताया कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंकों के स्तर पर किसानों के खाते में अभी तक तीन प्रतिशत की छूट नहीं आई है। कहा कि इस रकम को किसानों के खाते में तत्काल भेजा जाए। जिलाध्यक्ष चौधरी जय सुखलाल गिल ने कहा छुट्टा पशुओं को लेकर किसानों में जबरदस्त आक्रोश है, समस्या का तत्काल निराकरण कराया जाए। जल निगम द्वारा जो सड़कें तोड़ी गई है, उन्हें ठीक कराया जाए। वहीं पंचायत स्थल पर जिम्मेदार अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर गुस्साए पदाधिकारियों संग किसानों ने दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे की ओर रुख कर दिया। वाहनों की रफ्तार रोक कर चक्का जाम कर दिया। चक्का जाम होते ही पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीएम सदर भगत सिंह किसानों के बीच पहुंचे व जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने जाम खोला। यहां बिजली विभाग और अन्य विभाग के अधिकारी, रजबपुर थाने का पुलिस फोर्स मौजूद रहा। पंचायत की अध्यक्षता डा.जफर खां व संचालन युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी जगदीश सिंह ने किया। इस दौरान गजेंद्र सिंह, जिला महामंत्री राहुल चाहल, जिला उपाध्यक्ष यशवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह, युवा ब्लॉक अध्यक्ष चेतन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष हुकम सिंह, गजेंद्र सिंह, डा.जाफरियां खां, पवन कुमार, राजेंद्र सिंह, विजयवीर सिंह, मेवाराम सिंह आदि मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।