मुख्य मार्ग पर कीचड़-जलभराव से कई गांव के लोग परेशान
Amroha News - गंगेश्वरी के गांव शहबाजपुर गुर्जर में जलभराव की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। मुख्य मार्ग पर कीचड़ और पानी की भराव के कारण आवागमन में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से समस्या समाधान की...
विकासखंड गंगेश्वरी के गांव शहबाजपुर गुर्जर में मुख्य मार्ग पर जलभराव से कई गांव के लोग परेशान हैं। शिकायत के बाद भी समस्या समाधान न होने का आरोप है। जिलाधिकारी से समस्या निराकरण की गुहार लगाई गई है। बताया जाता है कि गांव में प्रवेश करते ही मुख्य मार्ग पर कीचड़ व जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बताया जा रहा है कि घरों से निकलने वाला गंदा पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने की वजह से सड़क पर भरा हुआ है। ग्रामीणों ने नाला निर्माण के संग सड़क को ऊंचा करने की मांग की है।
इस रास्ते से जेबड़ा मुस्तकम, मछरिया व खरखौदा आदि गांव के लोग भी होकर गुजरते हैं। कीचड़ होने की वजह से दो पहिया वाहन आए दिन फिसल कर गिरते रहते हैं। रात में इधर से गुजरना भी मुश्किल है। ग्रामीणों का कहना है कि खंड विकास अधिकारी से समस्या समाधान की गुहार लगाई गई थी, लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। गांव निवासी पप्पू सिंह, कल्याण सिंह, श्याम सिंह, रमेश कुमार व राजू सिंह आदि ने जिलाधिकारी को पत्र भेज कर समस्या निस्तारण की गुहार लगाई है। चेतावनी दी गई कि समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो समाधान दिवस में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।