एक डिग्री लुढ़का पारा, तपन से राहत नहीं
Azamgarh News - आजमगढ़ में गुरुवार को गर्मी का कहर जारी रहा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। लोग गर्मी से बेहाल हैं और घरों में भी राहत नहीं मिल रही।...

आजमगढ़, संवाददाता। गुरुवार को भी जिले में भीषण तपिश और गर्मी का दौर जारी रहा। अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन तपन पर इसका कोई असर नजर नहीं आया। दिनभर आसमान से आग बरसती रही। पूरा वातावरण धधकता रहा। जिसके चलते लोग बेहाल नजर आए। जिले में भीषण गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। पिछले तीन दिन से पारा लगातार 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। धूप इस कदर तेज हो रही है कि सुबह आठ बजे के बाद ही घर से निकलना मुश्किल हो जा रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। भीषण गर्मी और तपन से ऊपरी मंजिल के कमरे भट्ठी की तरह धधक रहे थे। दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने पर तेज धूप के कारण लोगों की हालत बिगड़ जा रही थी। घरों में भी तपन महसूस हो रही थी। पंखे और कूलर गर्म हवा फेंक रहे थे। जिससे लोगों को आराम नहीं मिल पा रहा था। बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कत हुई। सरकारी कार्यालयों में फरियादियों के साथ ही कर्मचारी भी बेचैन नजर आए। कलक्ट्रेट, विकास भवन, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग समेत सभी कार्यालयों में गर्मी के कारण लोगों की हालत खराब थी। दोपहर में शहर के अधिकांश इलाकों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग बहुत जरूरी होने पर बाहर निकले। दोपहर में चौक, पुरानी कोतवाली, पुरानी सब्जी मंडी, तकिया, पहाड़पुर, आराजीबाग, हर्रा की चुंगी, सिविल लाइंस, रोडवेज, मड़या, रैदोपुर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी का असर इस कदर था कि शाम को धूप खत्म होने के बाद भी लोगों को तपन से राहत नहीं थी। इनसेट मार्टीनगंज में युवक की चली गई जान मार्टीनगंज। बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा कला गांव में गुरुवार दोपहर अचानक तबियत बिगड़ने से एक युवक की मौत हो गई। गांव निवासी 45 वर्षीय कमलेश राजभर पुत्र सतेश को परिजन ने इलाज के लिए प्राइवेट डाक्टर के पास ले गए, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष वरदह संजय कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।