आजमगढ़ में पुलिस पर हमला, एसओ समेत 7 पुलिसकर्मी घायल
Azamgarh News - आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में शुक्रवार रात को दो पक्षों के बीच बवाल के दौरान पुलिस पर हमला किया गया। पथराव और लाठी-डंडों से हमला करने के परिणामस्वरूप बरदह थाने के एसओ समेत सात...

आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे दो पक्षों में बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस के ऊपर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पथराव करने के साथ ही लाठी-डंडे से पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। हमले में बरदह थाने के एसओ समेत सात पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। एसओ को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य पुलिसकर्मियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना की जानकारी होने के बाद देर रात एसपी हेमराज मीना, एसपी सिटी मधुवन सिंह लालगंज के सीओ और पांच थानों की फोर्स के साथ गांव पहुंचे और छानबीन की।
पुलिस ने इस मामले में 24 नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में महिलाओं समेत करीब 40 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव निवासी सोनू राजभर और मनकू के परिवार के लोगों के बीच दो दिन पहले गांव में आई बरात में डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया था। लोगों ने किसी तरह बीचबचाव कर मामला शांत कराया था। अगले दिन दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया था। शुक्रवार रात करीब दस बजे सोनू के परिवार के लोग दीदारगंज निवासी अपने रिश्तेदार के साथ कार से घर लौट रहे थे। गांव में पहुंचने पर मनकू के पक्ष के लोगों ने कार रोक ली और मारपीट शुरू कर दी। कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। इस पर पुलिसकर्मियों ने बरदह एसओ को घटना की जानकारी दी। इस पर एसओ राजीव सिंह थाने की फोर्स के साथ बर्रा गांव पहुंचे। वहां बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष लाठी-डंडों से लैस थे। पुलिस को देखते ही हमलावरों ने हमला बोल दिया। पथराव करने के साथ ही लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई। मारपीट में एसओ राजीव सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की खबर मिलने के बाद एसएसपी हेमराज मीना पांच थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। तब जाकर स्थिति नियंत्रित हुई। एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में बरदह थाने के एसआई सुरेशचंद्र मिश्रा की तहरीर पर 24 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चौदह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हमले में ये पुलिसकर्मी हुए घायल बरदह थाने के एसओ राजीव सिंह को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा बरदह थाने के उपनिरीक्षक महेंद्र यादव और मनीष सिंह भी चोटिल हुए हैं। कांस्टेबल वियंगल यादव, सूरज, अनिल और बाल्मिकि भी घायल हो गए। इनमें एसओ राजीव सिंह को गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।