पेयजल पलाइन फटी, घरों में पहुंचा दूषित पानी
Bagpat News - शुक्रवार की सुबह नगर पालिका की पेयजल पाइपलाइन से दूषित पानी की आपूर्ति होने लगी, जिससे शहर में हड़कंप मच गया। लोगों ने शिकायत की, जिसके बाद जलकल विभाग ने जांच की और मुख्य पाइपलाइन को दुरुस्त किया।...

शहर के कई मोहल्लों में शुक्रवार की सुबह नगर पालिका की पेयजल पाइपलाइन से दूषित पानी की आपूर्ति होने लगी, जिससे लोगों का पारा चढ़ गया। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों से दूषित पानी की शिकायत की। जिसके बाद जलकल विभाग की टीम जांच में जुट गई। जिला पंचायत कार्यालय के पास उसे मुख्य पाइपलाइन फटी मिली। इसी वजह से दूषित पेयजल आपूर्ति हो रही थी। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने पाइपलाइन को दुरूस्त किया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। शहर में हर घर जल पहुंचाने के लिए पेयजल पाइपलाइन बिछी हुई है। शुक्रवार की सुबह जैसे ही नगर पालिका प्रशासन ने पेयजल आपूर्ति शुरू कराई, तो शहर के कोर्ट रोड, देशराज मोहल्ला, ईदगाह, वार्ड 10 और वार्ड 9 समेत आधे शहर में पेयजल टंकी से दूषित जल निकलने लगा।
जिससे लोगों का पारा चढ़ गया। उन्होंने तुरंत ही नगर पालिका के अधिकारियों को दूषित पेयजल की शिकायत करते हुए समस्या के समाधान की मांग की। जिसके बाद जलकल विभाग की टीम दूषित पेयजल के कारणों का पता लगाने में जुट गई। उसने जगह-जगह गड्ढे खोदकर पेयजल पाइपलाइन को चेक किया। टीम जैसे ही जिला पंचायत कार्यालय के पास पहुंची, तो वहां मुख्य पेयजल पाइपलाइन फटी मिली। जिससे पेयजल के साथ मिट्टी व अन्य गंदगी भी पाइप के जरिए बह रहा था। इसके बाद जल कल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के जरिए पेयजल पाइपलाइन को दुरूस्त किया। इसके बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि यह समस्या लगातार बनी हुई है। पुरानी और जर्जर पाइप लाइन बार-बार फटती है, जिससे नालियों का गंदा पानी सप्लाई में मिल जाता है। इससे पीने के पानी की गुणवत्ता पर असर पड़ता है और बीमारियों की आशंका बनी रहती है। देशराज मोहल्ला, ईदगाह सहित अन्य इलाकों के लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि पुरानी पाइप लाइनों को बदला जाए और भविष्य में इस प्रकार की स्थिति न बने, इसके लिए स्थायी समाधान किया जाए। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने बताया कि जिला पंचायत कार्यालय के पास मुख्य लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे तुरंत ठीक करा दिया गया है। फिलहाल शहर में पेयजल आपूर्ति सामान्य है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।