तीसरे दिन मिला गंगा नदी में कूदे युवक का शव
Balia News - बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के कारण पंकज पांडेय ने गंगा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। उनका शव शुक्रवार को महावीर घाट के पास मिला। पंकज का बेटा 6 जून को मुंडन संस्कार कर रहा...

बलिया, संवाददाता। पारिवारिक कलह से गंगा नदी में छलांग लगाने वाले शहर से सटे सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीराबस्ती निवासी पंकज पांडेय का शव शुक्रवार को बरामद हो गया। फेफना पुलिस ने शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद से ही गांव-घर में मातम पसरा हुआ है। बीते गुरुवार को माल्देपुर घाट पर पहुंचे पंकज ने बाइक को किनारे पर खड़ा कर दिया। वहीं पर मोबाइल और चप्पल रख दिया। इसके बाद पीपा पुल पर पहुंचकर उसने गंगा नदी में छलांग लगा दिया। इसकी जानकारी होने के बाद पहुंची फेफना पुलिस ने खोजबीन कराया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।
गुरुवार को एनडीआरएफ की टीम ने भी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच उसका शव शुक्रवार की सुबह शहर से सटे महावीर घाट व विजयीपुर घाट के बीच पानी में उतराया मिला। इसकी खबर मिलते ही पहुंची फेफना पुलिस ने शव को कब्जा में ले लिया। बताया जाता है कि छह जून को पंकज के बेटे का मुंडन संस्कार था। वह गांव में ही बिल्डिंग मैटेरियल का कारोबार करता था। चर्चा है कि उसने यह कदम परिवार में हो रहे विवाद के चलते उठाया है। कुछ लोगों का कहना है कि मृतक की मां ने उसकी पत्नी तथा अन्य के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि फेफना पुलिस ने तहरीर मिलने से इनकार किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।