दरिंदे का मकान अतिक्रमण कर बना, इसकी नोटिस चस्पा
Banda News - बांदा। संवाददाता दरिंदे का मकान गांव की नवीन परती भूमि पर अतिक्रमण कर बना

बांदा। संवाददाता दरिंदे का मकान गांव की नवीन परती भूमि पर अतिक्रमण कर बना है। इसकी तस्दीक होने के बाद तहसीलदार न्यायालय में वाद दायर किया गया। अब नोटिस जारी की गई। नोटिस उसके घर के बाहर और गांव के मुख्य द्वार पर चस्पा कराई गई है। चिल्ला थानाक्षेत्र के एक गांव की तीन साल की मासूम को पड़ोसी अगवा कर ले गया था। उसके साथ हैवानियत करने के बाद गला दबाकर आइस बॉक्स में रख घर से आठ किलोमीटर दूर जंगल में फेंक आया था। दरिंदे की निशानदेही पर ही रात में मासूम मरणासन्न हालत में मिली थी। 11 जून की सुबह इलाज के दौरान कानपुर के हैलट अस्पताल में मासूम ने दम तोड़ दिया था।
जेल में निरुद्ध दरिंदे के खिलाफ आक्रोश को देखते हुए डीएम ने एसडीएम को निर्देशित कर उसके मकान की जमीन की जांच कराई। राजस्व टीम की जांच में मकान नवीन परती भूमि पर बना मिला। हलका लेखपाल ने मामले में तहसीलदार न्यायालय में वाद दायर कराया। अब तहसीलदार न्यायालय से मकान नवीन परती भूमि पर अतिक्रमण बना होने की नोटिस जारी की गई। यह नोटिस उसके मकान के मुख्य गेट और गांव के मुख्य द्वार पर चस्पा कराई गई। दरिंदे के परिवार के किसी भी सदस्य के न मिलने पर गांव के संभ्रांत लोगों के हस्ताक्षर कराए गए। तहसीलदार पैलानी राधेश्याम का कहना है कि दुष्कर्म और हत्यारोपित का मकान नवीन परती भूमि में बना है। इसकी नोटिस उसके घर और गांव के मुख्य द्वार पर चस्पा कराई गई है। परिवार के किसी भी सदस्य के न मिलने पर गांव के संभ्रांत व्यक्तियों के हस्ताक्षर कराए गए। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपित के घर के सदस्यों के उपस्थित न होने पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।