भाजपा युवा मोर्चा के मंडल मंत्री का शव फंदे से लटका मिला
Barabanki News - रामसनेहीघाट में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल मंत्री सत्यम मिश्र (25) का शव घर के बाहर लटका मिला। 10 दिन पहले ही उनकी शादी हुई थी। उनके चाचा ने हत्या का आरोप लगाया है, जिसमें एक महिला प्रधान और उनके पति...

रामसनेहीघाट। थाना क्षेत्र के शुक्लनपुरवा मजरे उमरापुर गांव में रविवार की सुबह भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के मंडल मंत्री का शव घर के बाहर छप्पर के नीचे फंदे से लटका मिला। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर उसका पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के चाचा ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दस दिन पहले हुई थी शादी: रामसनेहीघाट थाना के शुक्लनपुरवा मजरे उमरापुर तालुक गांव निवासी सत्यम मिश्र (25) भाजपा के युवा मोर्चा मंडल मंत्री थे। करीब 10 दिन पहले ही 14 मई को उसका विवाह सिरौली गौसपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ हुआ था।
रविवार की सुबह सत्यम का शव उसके घर के सामने ही छप्पर के नीचे फंदे से लटका मिला। परिजनों ने सुबह सत्यम का शव देखा तो चीख पड़े। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतार कर उसका पोस्टमार्टम कराया है। हत्या करने का आरोप: सत्यम की मौत के मामले में उसके चाचा अमित मिश्र हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने हत्या का आरोप एक महिला प्रधान व उनके पति पर लगाया है। बताया कि कुछ दिनों पूर्व सत्यम द्वारा प्रधान की रिश्तेदार युवती की फोटो सोशल मीडिया पर डाले जाने के चलते झगड़ा हुआ था। इस पर विपक्षी ने कार्रवाई की भी धमकी दी थी। अमित ने इस बाबत पुलिस को तहरीर भी दी है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक अंकित त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें अभी तक किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।