पौधों के रूप में दी जाएगी ईदी, नमाज में होगी अनोखी पहल
Bareily News - ईद उल अजहा इस बार खास तरीके से मनाई जाएगी। नमाज के बाद लोगों को पौधे ईदी के रूप में दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और परिवार व समुदाय को सजाना है। मस्जिदों में पौधों का...

ईद उल अजहा को इस बार खास तरीके से मनाने की तैयारी है। बकारीद की नमाज के बाद लोगों को पौधों के रूप में ईदी दी जाएगी। ईदी देने का मकसद अपने घर-परिवार, आसपास के वातावरण को खूबसूरत बनाना है। आमतौर पर ईदी के रूप में नकदी या उपहार ही दिए जाते हैं, लेकिन इस बार पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पौधे ईदी के रूप में देने का फैसला लिया है। मस्जिदों के इमाम और सामाजिक संगठन के लोग इस पहल की शुरूआत करने जा रहे हैं। सात जून को ईद उल अजहा का त्योहार मनाया जाएगा। बरेली में इस त्योहार को खास बनाने की तैयारी की गई है।
ईदगाह से लेकर शहर, देहात की खास मस्जिदों में नमाज के बाद लोगों को पौधे बांटे जाएंगे। इस पहल की सराहना मस्जिदों के इमाम, मुतावल्ली, सामाजिक संगठन से जुड़े ने की। मस्जिद कमेटियों से जुड़े लोगों ने कहा जिस तरह आज वातावरण प्रदूषित होता जा रहा है। ऐसे में पेड़-पौधों की अहमियत बढ़ गई है। पेड़-पौधों के प्रति लोगों के लगाव को बढ़ाने के मकसद से ही ईद उल अजहा के दिन प्रमुख मस्जिदों में पौधे बांटे जाएंगे। लोगों को पौधे लगाने के साथ देखभाल करने का भी संदेश दिया जाएगा। जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने कहा कि नमाज के बाद पौधे बांटकर दुआ कराना एक अनोखी पहल है। इससे यह पता चलता है कि नमाज के दौरान लोगों में पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। बकरीद में लोग एक दूसरे की मदद कर सकते हैं और पर्यावरण के लिए बेहतर काम करने का मौका भी है। सामाजिक संगठन से जुड़े पम्मी खां वारसी, मो. शादाब ने बताया कि इस बार बकरीद नमाज के बाद हम लोग पौधे बांटेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।