प्रयागराज में यमुना बैंक पार्क का गेट गिरने से छात्रा की मौत
Prayagraj News - प्रयागराज के यमुना बैंक पार्क में बुधवार सुबह 17 वर्षीय छात्रा अमान्या गुप्ता पर पार्क का गेट गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महापौर ने...
प्रयागराज। शहर के यमुना बैंक पार्क में बुधवार सुबह दो बहनों के साथ टहलने गई छात्रा अमान्या गुप्ता पर अचानक पार्क का गेट गिर गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से अमान्या की मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पिता ने नगर निगम व ठेकेदार के खिलाफ कीडगंज थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर देर शाम परिजनों को सौंप दिया। कीडगंज निवासी नगर निगम के रिटायर कर्मचारी उमेश चंद्र गुप्ता के एक बेटा व चार बेटियों में 17 वर्षीया अमान्या गुप्ता सबसे छोटी थी और 11वीं में पढ़ती थी।
अमान्या बुधवार सुबह लगभग सात बजे अपनी बहन नेहा और नीलम के साथ यमुना बैंक पार्क में टहलने गई थी। टहलने के बाद तीनों पार्क के मुख्य गेट पर पहुंची। जहां खोलते समय अचानक गेट अमान्या के ऊपर गिर गया। गेट के नीचे दबने और सिर पर गंभीर चोट लगने से आमन्या खून से लथपथ होकर बेहोश हो गई। आननफानन में उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता उमेश चंद्र गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, महापौर उमेशचंद्र गणेश केसरवानी ने पार्क का गेट गिरने से हुई बालिका की मौत पर नगर आयुक्त को जांच कराने का निर्देश दिया है। इसमें जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए एसडीएम सदर से मुआवजा देने की बात कही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।