दहेज के लिए विवाहिता की हत्या में चार नामजद
Basti News - बस्ती जिले के सोनहा थानांतर्गत सिलवटिया में विवाहिता रीमा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चार ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। रीमा के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन को दहेज की...

बस्ती। जिले के सोनहा थानांतर्गत सिलवटिया में संदिग्ध हाल में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने चार ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका रीमा के भाई महेन्द्र यादव ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन को ससुराल में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया। इसी के चलते गत 13 जून को बहन की हत्या कर दी गई। थाना प्रभारी मोतीचंद राजभर ने बताया कि आरोपी देवर राम अशोक, ननद गीता, सास जुग्गा देवी और ससुर फूलचंद्र के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
सोनहा थानाक्षेत्र के सिलवटिया निवासी दूधनाथ यादव की शादी 29 मई 2019 को पैकोलिया थाना क्षेत्र के सिरकोहिया गांव के रामकुबेर यादव की पुत्री के साथ हुई थी। पति दूधनाथ मुंबई में रहकर नौकरी करता है। गत शुक्रवार की शाम रीमा देवी (28) पत्नी दूधनाथ यादव का शव कमरे के अंदर बेड पर पड़ा मिला था। ससुर फूलचंद ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि वह शुक्रवार की सुबह 9 बजे इसी थाना क्षेत्र के बनरही जंगल गांव में अपनी पत्नी जुग्गा देवी के साथ साढू के घर गए थे। शाम को 4 बजे जब घर लौटे तो बहू नहीं दिखी। बच्चे की आवाज सुनकर छत पर बने कमरे में पहुंचे तो बहू का शव बेड पर मिला। सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों का कहना था कि बेटी के देवर ने शाम को फोन कर बताया कि रीमा की मौत विद्युत स्पर्शाघात से हो गई है। रीमा के भाई महेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि दहेज को लेकर आए दिन उनकी बहन को प्रताड़ित किया जा रहा था। शुक्रवार को देवर, ननद, ससुर व सास ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। घटना के दिन ससुराल पहुंचने पर घर पर कोई नहीं मिला। छत पर बने कमरे में बहन का शव व उसका बेटा शिवांश रोते हुए में मिला था। प्रभारी निरीक्षक मोती चंद राजभर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना सीओ रुधौली स्वर्णिमा सिंह के स्तर से की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।