10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की घंटों गुल रही बिजली
Basti News - फोटो 8 बीएसटी 6: विद्युत उपकेंद्र अमहट का मुख्य भवन 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं घंटों गुल रही बिजली 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं घंटों गुल रही बिजली

बस्ती, हिटी। विद्युत उपकेंद्र अमहट से जुड़े 10 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के घरों की बिजली घंटों गुल रही। उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी लाइन शनिवार रात ब्रेकडाउन में चली गई थी। इस कारण वीआईपी एरिया सिविल लाइन, कंपनी बाग, आवास विकास, कचहरी, गांधी नगर सहित दर्जनों मोहल्लों की बिजली ढाई घंटे गुल रही। शनिवार रात 12 बजे विद्युत आपूर्ति सामान्य हो सकी। एसडीओ अमहट ने बताया कि 33 केवी लाइन के ब्रेकडाउन में चले जाने से समस्या गंभीर हो गई थी। उपकेंद्र में सुधार के और कार्य जल्द कराए जाएंगे, जिससे लोगों को निर्बाध आपूर्ति मिल सके। अमहट उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति शनिवार दोपहर के बाद से गड़बड़ होने लगी थी।
हालत यह थी कि बिजली थोड़ी देर के लिए आती और फिर घंटों गुल हो जा रही थी। शाम होते-होते समस्या बढ़ती चली गई। बताया जा रहा है कि रात नौ बजे के बाद 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन में चली गई। इसके बाद लगभग आधा शहर अंधेरे में डूब गया। उपकेंद्र के लोगों ने 220 केवी ट्रांसमिशन उपकेंद्र से शटडाउन लेकर फॉल्ट खोजने का काम शुरू किया। रात के अंधेरे में फॉल्ट खोजना मुश्किल हो रहा था। काफी मशक्कत के बाद फॉल्ट खोजकर उसे ठीक किया गया। शहर के एक पूरे उपकेंद्र की बिजली गुल होने की सूचना के बाद मुख्य अभियंता विद्युत वितरण जोन बस्ती एसके सरोज ने खुद मॉनीटरिंग शुरू कर दिया। वह हर थोड़ी देर पर अपडेट ले रहे थे। देर रात आपूर्ति बहाल होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। सूचना के लिए परेशान रहे लोग घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई थी। कई घरों के इंवर्टर बैठ गए और उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया। फॉल्ट की जानकारी लेने के लिए लोगों ने उपकेंद्र पर फोन लगाना शुरू किया। पहले तो उपकेंद्र के कंट्रोल रूम का फोन उठा नहीं, उसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। जानकारी के लिए लोग एक दूसरे को फोन कर रहे थे। लोगों का कहना था कि कोई भी बड़ा फॉल्ट आने पर उन्हें इस बात की जानकारी हो जानी चाहिए कि कितनी देर फॉल्ट को ठीक करने में लग सकता है। ---
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।