गंगा का जल स्तर बढ़ते ही सिंचाई के लिए नहरों में छोड़े पानी
Chandauli News - डीएम ने नरायनपुर पंप कैनाल का किया भ्रमण, अफसरों से ली जानकारी गंगा नदी में जल स्तर बढ़ते ही नहरों में टेल तक निर्बाध रूप से पहुंचाएं पानी गंगा नदी मे

चंदौली। जिले में किसान नहरों में पानी नहीं आने से धान की नर्सरी डालने के लिए परेशान हैं। किसान नहरों में पानी छोड़े जाने मांग कर रहे हैं। इसे देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने नरायनपुर पंप कैनाल का भ्रमण किया। वहां उन्होंने गंगा का जलस्तर देखा। सिंचाई विभाग के अफसरों ने उन्हें बताया कि जलस्तर 59.85 मीटर है ऐसे में पंप कैनाल चलाने में दिक्कत आ रही है। जलस्तर सामान्य मानक 60 मीटर से कम है। ऐसे में नरायनपुर पंप कैनाल नहीं चल पा रहे हैं। जल स्तर बढ़ते ही पंप चालू होंगे। इस पर डीएम ने जल स्तर बढ़ते ही नहरों में पानी छोड़ने का निर्देश दिया।
केंद्रीय जल आयोग ने नरायनपुर पंप कैनाल के लिए 60.00 मीटर से नीचे एवं भूपौली पंप नगर के लिए 57.00 मीटर से नीचे गंगाका जल स्तर रहने पर पानी की सप्लाई के लिए रोक लगा रखी है। केंद्रीय जल आयोग के निर्देशों के अनुसार नरायनपुर पंप कैनाल का संचालन तभी संभव है। जब गंगा का जलस्तर 60.00 मीटर से अधिक हो। वहीं भूपौली पंप नहर के लिए यह मानक 57.00 मीटर से अधिक निर्धारित है। वर्तमान में इन दोनों मानकों से जलस्तर कम है। इससे पंप कैनालों को चालू करना तकनीकी रूप से संभव नहीं है। गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि होने और निर्धारित मानकों तक पहुंचने पर ही दोनों पंप कैनालों का संचालन शुरू हो पाएगा। ऐसे में किसानों के समक्ष धान की नर्सरी डालने और पानी नहीं मिलने पर रोपाई का संकट खड़ा हो गया है। यदि निजी संसाधन के जरिए नर्सरी डाल भी लिए तो पानी के अभाव में समय से रोपाई हो पाएगी। किसानों की दर्द को समझते हुए जिलाधिकारी मंगलवार को नरायनपुर पंप कैनाल का भ्रमण करने पहुंच गए। उन्होंने गंगा नदी का जलस्तर देखा। साथ ही पंप कैनालों के संचालन के बारे में सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त किया। उन्होंने हिदायत दिया कि गंगा नदी का जलस्तर बढ़ते ही पंप कैनालों का संचालन तत्काल शुरू कर दिया जाए। साथ ही नहरों के टेल तक पानी पहुंचाया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। लापवाही मिलने पर कार्रवाई तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिशासी अभियंता एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।