ईद की नमाज के बाद बवाल, मेरठ में दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, पथराव-फायरिंग
यूपी के मेरठ में ईद की नमाज के बाद दो पक्षों में पुराने विवाद को लेकर जमकर मारपीट हो गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडों के साथ हमला किया गया। इस दौरान पथराव और फायरिंग भी हुई। इसमें कई लोग घायल हो गए हैं।

ईद पर पहले से ही संवेदनशील यूपी के मेरठ में नमाज के बाद बवाल हो गया। मुस्लिमों के ही दो पक्ष ईद की नमाज पढ़ने के बाद आपस में भिड़ गए। एक दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे बरसे। दौड़ा-दौड़ाकर लोगों को पीटा गया। पथराव भी हुआ और इसमें कई लोग घायल हो गए हैं। कुछ महिलाएं भी इस दौरान बीच-बचाव करती और हमले से अपनों को बचाती दिखाई दीं। 12 राउंड फायरिंग भी हुई। गोली लगने से एक युवक और पथराव में दर्जनभर लोग घायल हो गए। मौके पर भगदड़ और चीख पुकार मच गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लाठियां फटकार कर स्थिति को काबू किया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों ओर के 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। कस्बे में फोर्स तैनात की गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सिवाल खास कस्बा निवासी नाजिम पक्ष की जाहिद पक्ष से पुरानी रंजिश है। 30 मार्च की रात करीब आठ बजे उम्मैद के बेटे नाजिम, जाहिद और जाकिर का गांव निवासी इरकान पुत्र जब्बार से बाजार में कपड़े लेने के दौरान विवाद हो गया। इसके बाद 31 मार्च यानी सोमवार को ईद पर दोनों पक्ष के लोग सिवाल खास में ही मोहल्ला बुड्ढा पीर कब्रिस्तान में नमाज पढ़ने के लिए आए थे। नमाज के बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और पथराव हो गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने गोलीबारी शुरू कर दी। एक दर्जन से ज्यादा राउंड गोलीबारी की गई और हथियार लहराए गए गए।
जाहिद पक्ष से आदिल को कंधे में गोली लगी। मौके पर चीख पुकार मच गई और लोग अपने बच्चों को लेकर भागे। करीब आधे घंटे तक बवाल होता रहा। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लाठियां फटकारकर स्थिति काबू की। बवाल और फायरिंग में एक पक्ष से नाजिम, जाकिर, सलमान और जाहिद घायल हो गए। दूसरे पक्ष से आदिल, अब्दुल इस्लाम, नाजिम, नौशाद, इरफान और समद समेत काफी लोग घायल हैं।
बवाल-फायरिंग की सूचना से हड़कंप
बवाल और फायरिंग की सूचना पर हड़कंप मच गया। कई थानों की फोर्स भेजी गई। दोनों पक्ष के घरों के बाहर पुलिस तैनात की गई है। दोनों ओर से बलवा, कातिलाना हमले समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बवाल और फायरिंग की काफी वीडियो भी सामने आई हैं, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित किया है।
एसपी देहात डॉक्टर राकेश कुमार मिश्रा के अनुसार सिवाल खास कस्बे में दो पक्ष के बीच रंजिश के चलते भिड़ंत हुई। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 11 आरोपियों को जेल भेजा है।
गिरफ्तार आरोपी (पहला मुकदमा)
1. नाजिम पुत्र उम्मेद उर्फ बब्बू निवासी सिवालखास
2. जाकिर पुत्र उम्मेद उर्फ बब्बू
3. जाहिद पुत्र उम्मेद उर्फ बब्बू
गिरफ्तार आरोपी(दूसरा मुकदमा)
1. अब्दुल समद पुत्र अब्बास
2. उस्मान पुत्र यामीन
3. इरकान पुत्र फुरकान
4. इसरार पुत्र यामीन
5. आदिल पुत्र अब्दुल सलाम
6. सलमान पुत्र आस मोहम्मद
7. साबिर पुत्र अब्बास
8. इकराम पुत्र यामीन