कृषि विभाग करेगा प्राकृतिक खेती करने वालों का चयन
Deoria News - देवरिया में, उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने बताया कि नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के तहत 54 क्लस्टरों का चयन किया गया है। किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न उपाय किए...

देवरिया, निज संवाददाता। उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने बताया कि नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के अंतर्गत कुल 54 क्लस्टरों का चयन किया गया है। इन क्लस्टरों में कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक, बीटीएम, एटीएम एवं कृषि सखियों के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्राकृतिक खेती को बढ़ाने को जीवामृत, बीजामृत, घन जीवामृत, दशपर्णी अर्क के निर्माण एवं वितरण के लिए बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) की स्थापना प्रस्तावित है, जिसका चयन जिला स्तरीय निगरानी समिति द्वारा किया जाएगा। बीआरसी को उद्यमी, संस्था या समूह को प्राकृतिक खेती का अनुभव होना चाहिए।
बीआरसी संचालक को अपने खेतों में भी प्राकृतिक जैविक आदानों का प्रयोग करना अनिवार्य होगा। बीआरसी के संचालन को गाय का गोबर, गौमूत्र तथा पौधों से प्राप्त जैविक पदार्थ की उपलब्धता होनी चाहिए। इसके लिए स्थानीय गौशालाओं से समन्वय किया जाना है। जैविक आदानों के निर्माण और भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान की व्यवस्था भी बीआरसी के पास होनी चाहिए। इच्छुक एफपीओ, कृषक व पंजीकृत समूह आवेदन पत्र एवं व्यवसाय प्रस्ताव 9 जून तक उप कृषि निदेशक कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।