दूल्हा के बदलने को लेकर विवाद, नहीं हो सकी शादी, बगैर दुल्हन लौटी बारात
यूपी के मथुरा में दूल्हा के बदलने को लेकर विवाद हो गया। लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। शादी नही हो सकी। बारात को बगैर दुल्हन की ही बैरंग लौटा दिया गया।

यूपी के मथुरा में सुरीर कोतवाली क्षेत्र के एक मैरिज होम में उस समय हंगामा हो गया, जब दूल्हा बदलने का आरोप लगाते हुए लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंची। समझाने की कोशिश भी की लेकिन बात नहीं बनी और बारात को बगैर दुल्हन की ही बैरंग लौटा दिया गया।
सुरीर कोतवाली के गांव कराहरी निवासी एक व्यक्ति के बेटों का रिश्ता आगरा के गांव खड़िया निवासी की बेटियों के साथ तय हुआ था। बेटी वाला आगरा से बेटियों को लेकर टैंटीगांव स्थित मैरिज होम में शादी के लिए पहुंच गया। इस दौरान गांव कराहरी से दोनों भाइयों की बरात भी मैरिज होम पहुंच गई। दूल्हा बने दोनों भाई शादी की रस्म शुरू होने के इंतजार में एक कमरे में बैठे थे। शादी समारोह में डीजे पर डांस चल रहा था और कुछ बाराती खाना खा रहे थे। उसी समय कमरे में बैठे दूल्हों को देख कर लड़की पक्ष ने दूल्हा बदलने का आरोप लगा कर हंगामा शुरू कर दिया। लड़की पक्ष का कहना था कि रिश्ता तय करते समय उन्हें दूसरे लड़के दिखाएए थे और अब शादी दूसरे लड़कों के साथ कराई जा रही है। लड़की पक्ष इस बात पर अड़ा रहा कि दूल्हा बनकर आए ये वो लड़के नहीं हैं। दोनों पक्षों के लोगों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
हंगामा होने की खबर पर सुरीर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भी काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं। खुद लड़कियां शादी के लिए तैयार नहीं हुईं। लड़की पक्ष के लोग दोनों लड़कियों को लेकर वापस चले गए। सीओ मांट गुंजन सिंह ने बताया कि दूल्हे बदलने को लेकर विवाद हो गया था। इसके चलते दोनों पक्ष विवाह न करने पर सहमत हो गए। बारात लौट गई है।