आरएसएस भारत को ताकतवर बना रहा है : रामलाल
Ghazipur News - गाजीपुर, संवाददाता। जग नहीं सुनता कभी दुर्बल जनो का शांति प्रवचन, सिर झुकाता

गाजीपुर, संवाददाता। जग नहीं सुनता कभी दुर्बल जनो का शांति प्रवचन, सिर झुकाता है उन्हें जो कर सके रिपु मान मर्दन। दुनिया ताकत की सुनती है और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत को ताकतवर बना रहा है। हमारी सेना ने आतंकी कैम्प को नष्ट कर भारत की विश्व में धाक जमाई है। उक्त विचार मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल ने व्यक्त किया। वे शुक्रवार को गाजीपुर के बोरसिया स्थित सत्यदेव डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रान्त के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की सभी भाषा राष्ट्रीय भाषा है।
भाषा, प्रान्त, जाति के झगड़े होते है यह शाखा से समाप्त होगी। संघ में छुआछुत, अगड़ा-पिछड़ा कुछ नहीं है। यहां सब एकसाथ भोजन करते और कराते है। यहां कोई किसी की जाति नहीं पूछता। स्वयंसेवक बिना स्वार्थ के सेवा करते है। कोरोनकाल में जब समाज पर संकट आया तो पाँच लाख स्वयंसेवक सहायता में लगे। किसी ने कोई जाति धर्म पंथ नहीं पूछा। बाढ़ में सहायता करने के दौरान केरल में अपने चार स्वयंसेवकों की जान चली गई। रामलाल जी ने कहा कि लोग संघ के विरोधी हो सकते है संघ किसी का विरोधी नहीं है। हम वसुधैव कुटुम्बकम की बात करते है। उन्होंने कहा कि यह हिन्दू राष्ट्र है, बनाने की जरूरत नहीं है। इसके मूल में ही हिन्दू विराजमान है। उन्हें संघ के पंच परिवर्तन कुटुंब प्रबोधन, समरसता, पर्यावरण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य की भी बात की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भवानीनन्दन यति ने कहा कि उठो जागो और राष्ट्र निर्माण में लगो इसलिए ही मेरा जन्म हुआ है। जीवन सार्थक तब तक नही होता जब तक ध्येय की पूर्ति न हो। उदाहरण देते हुए कहा कि गोमुख से निकलने वाली गंगा गंगासागर न पहुँच जाए तब तक सार्थक नहीं होता। उन्होंने कहा कि मेरा मन यह देख कर कह रहा है राम का राष्ट्र प्रेम वापस आने वाला है, भारत बदल रहा है। पूर्ण गणवेश में घोष वादन कर रहे स्वयंसेवक आकर्षण का केन्द्र रहे। संघ शिक्षा वर्ग के वर्ग कार्यवाहक दीपनारायण ने बताया कि काशी प्रांत के 27 जिलों से 270 शिक्षार्थी आए। मंचस्थ अधिकारियों का परिचय नागेंद्र ने कराया। इस मौके पर रमेश प्रान्त प्रचारक, राकेश सह प्रान्त कार्यवाह, रामचंद्र प्रान्त प्रचारक प्रमुख, अजीत विभाग प्रचारक, सच्चिदानंद राय विभाग संघचालक, सूरज जिला प्रचारक, जितेन्द्र विभाग प्रचार प्रमुख, डा. मुरलीधर व्यवस्था में अमित, विपिन, चंद्र कुमार, दुर्गेश, प्रदीप, दीपक, विनोद तिवारी, अनुज, वेदप्रकाश, विनय, चंद्रशेखर, अशोक राय मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।