नाला निर्माण में लापरवाही से फूटी पाइप लाइन, हजारों घरों में पेयजल संकट
Gorakhpur News - सचित्र - बेतियाहाता और सिविल लाइंस-2 वार्ड में भीषण गर्मी में दिन भर रही पानी

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता फिराक गोरखपुरी चौक पर नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से की गई खुदाई में लोक निर्माण विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बुधवार देर रात पानी की मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बेतियाहाता, रघुपति सहाय फिराक नगर और सिविल लाइंस द्वितीय वार्ड के हजारों घरों में गुरुवार की सुबह पानी की भारी किल्लत रही। लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई। न तो टंकियों में पानी भर सका, न ही सुबह के काम पूरे हो सके। लोक निर्माण विभाग कसया रोड पर नाला निर्माण करा रहा है। यहां बुधवार की रात जेसीबी से खुदाई करते समय जलापूर्ति की मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। हालांकि स्थानीय पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी का आरोप है कि जलकल विभाग को रात में अवगत कराया गया था, लेकिन सुधार कार्य गुरुवार सुबह 10 बजे के बाद शुरू हुआ। स्थानीय पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि रात में ही तत्काल मरम्मत कराना चाहिए था। गुरुवार की सुबह काम तब शुरू हुआ, जब जलकल महाप्रबंधक रघुवेंद्र कुमार को कॉल कर प्रकरण से अवगत कराया। हालांकि भीषण गर्मी और आवश्यक सेवाओं में शामिल जलापूर्ति को देखते हुए मरम्मत का काम तत्काल शुरू करना चाहिए था। उधर सिविल लाइन द्वितीय के पार्षद देवेंद्र कुमार गौड़ ने भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार की लापरवाही से पिछले दिनों भी उनके वार्ड में जलापूर्ति का संकट खड़ा हो गया था। जलकल विभाग की सफाई जलकल विभाग के जीएम रघुवेंद्र कुमार ने कहा पाइप लाइन टूटने की जानकारी मिलते ही गुरुवार सुबह से मरम्मत कार्य शुरू कराया। मुख्य पाइप लाइन को बंद कर काम करना था। इसलिए मरम्मत में वक्त लगा। गुरुवार की शाम 4 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।