पिस्टल सटाकर पीयू कर्मचारी संघ के अध्यक्ष से 4.5 लाख की लूट
Jaunpur News - जौनपुर में शनिवार सुबह, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह के साथ दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल के बल पर लूट की। बदमाशों ने उनसे सोने की चेन और चार...

जौनपुर,संवाददाता । लाइनबाजार थाना क्षेत्र के चांदमारी मोहल्ले में शनिवार की सुबह करीब पांच बजे मार्निंग वाक से लौट रहे वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह से पिस्टल सटाकर लूट हो गयी। घर से 40 मीटर पहले बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने गले से सोने की चेन और चार अंगूठी लेकर रेलवे लाइन की तरफ फरार हो गए। लूटे गए आभूषणों की कीमत चार लाख पचास हजार रुपये बताई जा रही है। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के यूपी सिंह कालोनी निवासी व पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह रोज की तरह शनिवार को भी सुबह चार बजे घर से मॉर्निंग वॉक पर राम मनोहर लोहिया पार्क में गए थे।
लगभग 5 बजे वापस घर लौट रहे थे। पांच बजकर 3 मिनट पर नंदकिशोर सिंह चांदमारी वार्ड स्थित पुलिया के पास पहुंचे थे की घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोककर पिस्टल तान दी। दोनों बदमाशो ने पिस्टल सटाकर गले से सोने की चेन और उनके हाथ से चार अंगूठी निकलवा लिया। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। पीड़ित ने सूचना लाइनबाजार पुलिस को दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण की। पुलिस के अनुसार बदमाशों की पहचान के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और संभावित मार्गों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। इस घटना के बाद से विश्वविद्यालय कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने इसे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की विफलता करार दिया है और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। मोहल्लेवासियों ने इस वारदात को लेकर चिंता जताई है और कहा कि सुबह-सुबह टहलने निकलना भी अब सुरक्षित नहीं रहा। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन रात्रि और प्रातः गश्त को तत्काल प्रभाव से बढ़ाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।