खाकी की निगहबानी में तेरहवीं, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नजरबंद
Kausambi News - बेटे पर झूठे दुराचार के आरोप में जेल भेजे जाने से दुखी रामबाबू तिवारी ने आत्महत्या कर ली। उनके तेरहवीं संस्कार के दौरान सपा के नेताओं को गांव जाने से रोका गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के...
बेटे को दुराचार के झूठे मुकदमे में जेल भेजे जाने से दुखी होकर खुदकुशी करने वाले लोंहदा निवासी रामबाबू तिवारी का मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच तेरहवीं संस्कार हुआ। इस दौरान सपा के प्रदेश अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष को पुलिस ने गांव जाने से रोकते हुए नजरबंद कर दिया। पार्टी की चायल विधायक को रास्ते से ही लौटा दिया गया। अन्य कई नेता भी पुलिसिया सख्ती के कारण गांव नहीं पहुंच सके। नेताओं को कथित दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मुलाकात करने के लिए जाना था। इस दौरान दोनों पक्षों में टकराव की आशंका को देखते हुए पुलिस चौकन्ना रही। सैनी इलाके के लोंहदा गांव निवासी धन्नू उर्फ सिद्धार्थ तिवारी पर 28 मई को पड़ोसी ने अपनी आठ साल की बेटी से दुराचार करने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने उसी रोज मुकदमा दर्ज कर दूसरे दिन उसका चालान कर दिया था। हालांकि, बाद में इल्जाम झूठे मिलने पर दुष्कर्म व पॉक्सो की धारा हटा दी गई थी, जिससे उसे जमानत मिल गई। इसके पहले जेल में रहने के दौरान चार जून को उसके पिता रामबाबू तिवारी ने जहर खाकर जान दे दी थी। मंगलवार को दिवंगत रामबाबू तिवारी का तेरहवीं संस्कार था। परिवार ने इसकी विधिवत तैयारियां की थीं। इसी दिन सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल समेत कई नेताओं को गांव जाकर बालिका के परिवार से मुलाकात करना था। इसकी जानकारी होते ही टकराव की आशंका को देखते हुए पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस ने सपा प्रदेश अध्यक्ष को प्रयागराज स्थित कार्यालय में नजरबंद कर दिया। पार्टी जिलाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को उनके सिराथू आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। चायल विधायक पूजा पाल को कोखराज गंगा पुल से ही समझा-बुझाकर लौटा दिया गया। आरएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महादेव जानकर, अद (एस) के पूर्व विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल, पूर्व मंत्री राधेलाल बघेल, लोक माता अहिल्या बाई होलकर यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदेश पाल समेत अन्य नेता भी गांव पहुंच नहीं सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।