पडरौना के ढोरही में बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल
Kushinagar News - कुशीनगर में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 2.900 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। इस स्कूल में प्री प्राइमरी से 12वीं तक की कक्षाएं चलेंगी। यहां स्मार्ट क्लास,...
कुशीनगर। निज संवाददाता अपने जिले में भी मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल का निर्माण होगा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने इसके लिए पडरौना तहसील के विशुनपुरा ब्लॉक क्षेत्र ढोरही गांव में जमीन चिह्नित कर ली है। इसके लिए 2.900 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गयी है। राजस्व अभिलेखों में यह जमीन सीलिंग के रूप में दर्ज है। विशेष सचिव बेसिक शिक्षा एवं आयुक्त एवं सचिव सीलिंग राजस्व परिषद ने इसके लिए डीएम को पत्र भेजा था। डीएम ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग उप्र शासन के पक्ष यह जमीन निःशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। सीलिंग की भूमि बेसिक शिक्षा विभाग उप्र शासन के निवर्तन रखी जायेगी।
गांव में 16.050 हेक्टेयर जमीन राजस्व अभिलेखों में सीलिंग श्रेणी 4 (क) के रूप में दर्ज है। इसमें से 2.900 भूमि को मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय निर्माण के लिए उपयोग किया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग उप्र शासन को यह भूमि किसी अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग एवं हस्तांतरित करने का अधिकार नहीं होगा। बेसिक शिक्षा विभाग उप्र शासन को प्रश्नगत भूमि की आवश्यकता न होने की दशा में राजस्व विभाग को वापस किया जायेगा। इसके अलावा किसी भी शर्त के उल्लंघन की दशा में राजस्व विभाग को भूमि वापस लेने का पूर्ण अधिकार होगा। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में प्री प्राइमरी से 12 वीं तक की चलेंगी कक्षाएं मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में एक ही परिसर में प्री प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा दी जाएगी। यहां 30 क्लासरूम से युक्त बिल्डिंग बनाई जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कक्षा एक से 12 तक की अलग-अलग कक्षाएं यहां चलेंगी। इस स्कूल के निर्माण पर करीब 25 करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा। यहां डिजिटल एजुकेशन प्लेटफॉर्म व डिजिटल लर्निंग के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री मॉडल मॉडल कंपोजिट विद्यालय में स्मार्ट क्लास, रोबोटिक्स व मशीन लर्निंग ट्रेनिंग, लैंग्वेज, मैथ्स, साइंस व कंप्यूटर लैब, मल्टीपरपज हॉल, खेलकूद का मैदान, मॉड्यूलर किचन डाइनिंग हॉल के साथ, सीसीटीवी कैमरे, सोलर पैनल जैसी सुविधाएं होंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।