Vandalism and Arson at Religious Ceremony in Hata Police Arrest Two अराजकतत्वों ने यज्ञमंडप में प्रतिमा तोड़ी, फूंक दी झोपड़ी, Kushinagar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsKushinagar NewsVandalism and Arson at Religious Ceremony in Hata Police Arrest Two

अराजकतत्वों ने यज्ञमंडप में प्रतिमा तोड़ी, फूंक दी झोपड़ी

Kushinagar News - हाटा/ढाढा, हिन्दुस्तान संवाद। हाटा कोतवाली क्षेत्र में सुकरौली नगर पंचायत के विशुनपुर

Newswrap हिन्दुस्तान, कुशीनगरThu, 17 April 2025 05:45 AM
share Share
Follow Us on
अराजकतत्वों ने यज्ञमंडप में प्रतिमा तोड़ी, फूंक दी झोपड़ी

हाटा/ढाढा, हिन्दुस्तान संवाद।

हाटा कोतवाली क्षेत्र में सुकरौली नगर पंचायत के विशुनपुर ठूठी में श्री श्री विष्णु महायज्ञ में बने यज्ञमंडप में बनी प्रतिमा को कुछ अराजकतत्वों ने तोड़ दिया और झोपड़ी फूंक दी। उसमें रखी पूजन सामग्रियां जलकर राख हो गयीं। बुधवार को भोर में आग की लपटें देख यज्ञ समिति के लोग मौके पर पहुंचे तो अराजक तत्व भाग निकले। यज्ञ समिति की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच के बाद तहरीर के आधार पर सुकरौली नपं के ही बगल के रामजानकी नगर वार्ड के छह मनबढ़ों पर नामजब व कुछ अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। दो मनबढ़ों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। शेष की तलाश में छापेमारी की जा रही है। गंभीर बात यह है कि मंगलवार की देर शाम को मनबढ़ यज्ञमंडप के पास बैठकर सिगरेट पी रहे थे। समित के लोगों ने उन्हें ऐसा करने से यह कहते हुए रोका था कि आस पास खेतों में पकी गेहूं की फसलों में आग लग सकती है। इसी वजह से मनबढ़ों ने तोड़फोड़ व आगजनी की है।

बुधवार को यज्ञ समिति के अध्यक्ष रोशन यादव ने हाटा कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव में बीते 10 अप्रैल से श्री श्री विष्णु महायज्ञ चल रहा है। उसके लिए गांव के पास यज्ञ मंडप आदि बनाया गया है। मंगलवार की देर शाम को कुछ अराजकतत्व यज्ञमंडप के बगल में सिगरेट पी रहे थे। यज्ञ समिति के लोगों ने उन सभी को ऐसा करने से मना किया था क्योंकि बगल में गेहूं की तैयार फसल है। जल जाएगी। इस पर वह सभी उग्र हो गए और बहस करने लगे। बाद में शांत होकर चले गए। इसके बाद समित के लोग भी सोने चले गए।

पुलिस को बताया कि बुधवार को भोर में तीन बजे के आसपास सुकरौली नपं के रामजानकीनगर वार्ड के निवासी विशेष, विकास, टाइगर, विशाल, गोलू व नीलू समेत आधा दर्जन से अधिक मनबढ़ों ने वहां पहुंचकर यज्ञमंडप में बनायी गयी धार्मिक प्रतिमा को तोड़ दिया। यज्ञ के लिए बनी झोपड़ी में आग लगा दी। आग की लपटें देख जब तक यज्ञ समिति के लोग वहां पहुंचते तब तक सभी भाग गए। झोपड़ी व उसमें में रखी पूजा की सभी सामग्रियां जलकर राख हो गयी। आयोजन कर्ताओं तथा साधु संतों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। पुलिस टीम इससे पहले ही सूचना मिलने पर मौके पर का निरीक्षण कर चुकी थी। यज्ञ समिति के अध्यक्ष रोशन यादव की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नगर पंचायत सुकरौली के वार्ड राम जानकी नगर निवासी विशेष पुत्र वीरेंद्र राही, विकास पुत्र शर्मा, टाइगर पुत्र दिनेश, विशाल पुत्र प्रमोद तथा गोलू व नीलू पुत्र अज्ञात तथा कुछ अज्ञात के विरुद्ध गैर कानूनी जमावड़ा, ठेस पहुंचाने के इरादे से धार्मिक वस्तुओं को नुकसान पहुंचाना और आगजनी आदि की धाराओें में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

केस दर्ज करने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर विशेष व टाइगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है। हाटा कोतवाल राम सहाय चौहान ने बताया कि तहरीर व जांच के आधार पर छह नामजद व कुछ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

कोट-

धर्मिक स्थल पर तोड‌फोड़ व आगजनी की सूचना पर मौके पर हाटा कोतवाली पुलिस पहुंची थी। सभी मनबढ़ों को चिह्नित कर लिया गया है। सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। अन्य की तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। सभी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

-कुंदन कुमार सिंह, सीओ कसया

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।