थप्पड़ बाज महिला दरोगा लाइन हाजिर,सीओ को मिली जांच
Lucknow News - अयोध्या संवाददाता। राम जन्मभूमि थाना क्षेत्र में महिला उप निरीक्षक और ई रिक्शा चालक

अयोध्या संवाददाता। राम जन्मभूमि थाना क्षेत्र में महिला उप निरीक्षक और ई रिक्शा चालक के बीच विवाद के बाद अभद्रता के मामले में एसएसपी ने कार्रवाई की है। महिला दरोगा को लाइन हाजिर किया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी अयोध्या के हवाले की गई है। राम जन्मभूमि थाना पर तैनात महिला उप निरीक्षक शिखा सिंह का थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ी के निकट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में महिला उप निरीक्षक एक ई रिक्शा चालक से अभद्रता करती दिखी थी । साथ ही मामले में हस्तक्षेप करने पर एक युवक का कॉलर पकड़ युवक के साथ अभद्रता हुई थी।
प्रकरण में पुलिस ने मामला प्रतिबंधित क्षेत्र में ई रिक्शा संचालन का बताया था और महिला उपनिरीक्षक की ओर से आपत्ति किए जाने पर ई रिक्शा चालक की ओर से अभद्रता किए जाने की बात कही थी। प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल और मीडिया में आने के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट किया था और वायरल वीडियो के माध्यम से रामनगरी अयोध्या में हुई इस अभद्रता पर हैरानी जताई थी। मामला सार्वजनिक फलक पर चर्चा में आने के बाद एसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने आरोप के दायरे में आई महिला उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया है। मामले की विभागीय जांच सीओ अयोध्या को दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।