कार सवारों ने फीनिक्स पलासियो में कर्मियों को पीटा, फायरिंग
Lucknow News - - सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शहीदपथ की घटना - हमले में तीन फूटे सिर,

कार सवार दबंगों ने सोमवार तड़के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में शहीदपथ किनारे फीनिक्स पलासियो के पीवीआर कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। रॉड से सिर फोड़ दिया फिर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। हमले में घायल कर्मचारियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें अलोपो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर ने फायरिंग की बात से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि मारपीट हुई थी। हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पीवीआर आईनॉक्स के जीएम देवेश उपाध्याय के मुताबिक कर्मचारी प्रदीप, विशाल और ललित नाइट सिफ्ट खत्म कर सोमवार तड़के बाइक से घर जा रहे थे।
इस बीच कार सवार पांच से सात लोगों ने उन्हें शहीदपथ किनारे अहिमामऊ में ओवरटेक कर रोक लिया। कार से निकलते ही वह गाली-गलौज करने लगे। हाथों में डंडे, सरिया और रॉड के अलावा असलहा थे। कार सवारों ने कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। बचाव में प्रदीप, विशाल और ललित भागे तो उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर सड़क पर पीटा। हमले में तीनों के सिर फट गए। फिर दो राउंड फायरिंग करते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर स्टाफ के अन्य कर्मचारी पहुंचे। घायल कर्मचारियों को अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक बताई जा रही है। देवेश ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश में सीसी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। फायरिंग की बात निराधार है। पुलिस कंट्रोल रूम से नहीं मिला जवाब देवेश के मुताबिक घटना की जानकारी देने के लिए कई बार घायल साथियों ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 को फोन किया पर फोन किया पर वहां से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने राहगीरों की मदद से आफिस में फोन कर सूचना दी। इसके बाद हम सबको जानकारी हुई। रात में बाउंसरों से हुआ था विवाद उसी के चलते किया हमला देवेश ने बताया कि रविवार देर रात करीब एक बजे चार से पांच लोग अंदर आ रहे थे। बंद होने के कारण उन्हें रोक दिया था। इस पर बाउंसरों से विवाद हो गया था। आशंका है कि उसी विवाद की खुन्नस में कर्मचारियों पर उन्हीं लोगों ने हमला किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।