भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने छीना लोगों का चैन, डेढ़ सौ इलाकों में 400 से ज्यादा फाल्ट
Lucknow News - भीषण गर्मी के बीच, शहर में बिजली कटौती ने लोगों की रात की नींद और दिन का चैन छीन लिया। गुरुवार रात और शुक्रवार को 400 से अधिक फाल्ट हुए, जिससे 150 से अधिक इलाकों में बिजली संकट बना रहा। लोग कई घंटों...

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोगों की रात की नींद और दिन का चैन उड़ गया है। बिजली उपकरण दगा दे जा रहे हैं। रही-सही कसर ओवरलोडिंग पूरी कर दे रहा है। गुरुवार की रात और शुक्रवार को दिन में मिलाकर शहर भर में 400 से अधिक फाल्ट हुए। 150 से अधिक इलाकों में बिजली संकट रहा। कई क्षेत्रों में लोगों को रात भर बिजली कटौती झेलनी पड़ी। पांच लाख से अधिक की आबादी प्रभावित रही। इंदिरा नगर के एक बड़े इलाके में रात 12 से सुबह 3 बजे तक बिजली गुल हो गई। दो घंटे बाद ही इनवर्टर जवाब देने लगे, जिसके कारण लोग ठीक से सो भी नहीं पाए।
सुबह 3 बजे बिजली आने के बाद राहत मिली। विभाग के अनुसार कुर्सी रोड सेक्टर 14 ओल्ड की लाइन में ब्रेक डाउन के कारण इंदिरा नगर में इससे जुड़े इलाकों में बिजली गुल हुई थी। चौपाटिया के काला पाइप 630 केवीए ट्रांसफॉर्मर गुरुवार रात को साढ़े 11 बजे ओवरलोड हो गया। दो घंटे बाद लोड बैलेंस कर आपूर्ति बहाल की गई। कुर्मांचल नगर के फीडर में शटडाउन के कारण रात 9:20 बजे बिजली गुल हो गई, जो कई घंटे बाद आई। केबल बॉक्स में आग लगने से शट डाउन लेना पड़ा। गोमती नगर के विभूति खंड पॉवर हाउस के 11केवी फीडर विशेष खंड एलटी फ्यूज में आई गड़बड़ी के कारण 11:30 बजे बिजली गुल हो गई। विधायकपुरम के ट्रांसफॉर्मर में आई खराबी से 11:50 बजे बिजली गुल हो गई, जो पौन घंटे बाद आ गई। उपकेंद्र कनकहा फीडर का तार बदलने के कारण शुक्रवार सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली गुल रही। भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे, पानी संकट का भी सामना लोगों को करना पड़ा। गऊघाट में गंगा बहरा ट्रांसफॉर्मर रात को एक बजे ओवरलोड हो गया। इस दौरान गंदा नाला पर इसका लोड शिफ्ट किया गया। ओवरलोड होने की वजह से उपभोक्ताओं को एक घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।