कल और तपिश से सुलगेगा शहर, फिर रिमझिम फुहार की उम्मीद
Lucknow News - तेज हवा ने शुक्रवार को तपिश में राहत दी, लेकिन नमी के कारण हीट इंडेक्स बढ़ा। मौसम विभाग ने बताया कि गर्मी शनिवार तक रहेगी, उसके बाद बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया...

तेज हवा ने शुक्रवार को तपिश में थोड़ी राहत दी लेकिन हवा में नमी के कारण हीट इंडेक्स बढ़ा रहा। मौसम विभाग के अनुसार तपिश का यह सिलसिला शनिवार तक चल सकता है। इसके बाद पूर्वी यूपी के ऊपर बनी मौसमी परिस्थितियों से बारिश शुरू होगी। आगे एक सप्ताह के भीतर मानसूनी फुहारें शहर को भिगोएंगी। एक दिन पहले गुरुवार को पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की वजह से गर्म हवा तेजी से ऊपर उठी। नतीजतन रात से ही तेज हवा का सिलसिला चलने लगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर एक वातावरण तैयार हुआ जिससे दिन में कई बार आसमान पर बादल छाए।
इन दोनों कारणों से आज तपिश थोड़ी कम रही, बावजूद इसके बादलों की ओट से निकलकर धूप की तल्खी अपना असर दिखाती रही। दिन में 2 बजे के बाद आसमान साफ हो गया तो धूप ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। एक बार फिर सड़कों से आंच उठती महसूस हुई।नतीजतन अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक 30.5 रहा। अमौसी स्थित प्रदेश के मुख्य मौसम केन्द्र के अनुसार शनिवार को बादलों की आवाजाही रह सकती है। इस बीच अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम में बदलाव 15 जून की दोपहर बाद शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद रुक रुक कर बौछार पड़ने का सिलसिला शुरू होगा। 16 जून को लखनऊ में अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है। अगले तीन दिनों का पूर्वानुमान तारीख अधिकतम न्यूनतम मौसम का हाल 14 जून 41 डिग्री सेल्सियस 29 डिग्री सेल्सियस बादलों की आवाजाही 15 जून 40 डिग्री सेल्सियस 26 डिग्री सेल्सियस एक या दो बार हल्की बारिश 16 जून 38 डिग्री सेल्सियस 25 डिग्री सेल्सियस बारिश
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।