जंगल में पार्टी करनी पड़ी भारी, 80 हजार जुर्माना भर छूटे चार दोस्त
Maharajganj News - महराजगंज के सोहगीबरवा सेंक्चुरी में चार दोस्तों को जंगल में आग जलाकर खाना बनाने पर गिरफ्तार किया गया। वन विभाग ने उन्हें 80 हजार रुपये का जुर्माना भरने के बाद छोड़ दिया। आरोपितों को हिदायत दी गई कि वे...

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सोहगीबरवा सेंक्चुरी के संरक्षित वन क्षेत्र में आग जलाकर भोजन बनाने की पार्टी सिन्दुरिया के चार दोस्तों को भारी पड़ गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। 80 हजार रुपया जुर्माना भरने के बाद चारों दोस्तों को वन विभाग की टीम हिदायत देकर छोड़ी कि वह कभी भी जंगल में आग नहीं जलाएंगे। सिन्दुरिया व पकड़ियार बुजुर्ग गांव के छह युवक पार्टी मनाने के लिए उत्तरी चौक रेंज के जंगल में पहुंचे थे। वहां प्यास नदी के पुल के पास चारों दोस्त मछली व अन्य भोजन बनाने में जुट गए।
उसी दौरान किसी ने जंगल में आग लगाकर भोजन बनाने की जानकारी वन विभाग को दे दी। थोड़ी ही देर में उत्तरी चौक रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। तीन युवक फरार हो गए। तीन को मौके से ही वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। छानबीन में चौथा आरोपित भी दबोच लिया गया। मौके से भोजन बनाने का बर्तन भी बरामद किया। वन कर्मी पकड़े गए युवकों को रेंज परिसर लाए और कार्रवाई में शुरू कर दिया। वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित सिन्दुरिया व पकड़ियार बुजुर्ग के निवासी थे। चारों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। चारों आरोपित युवकों ने 20-20 हजार की दर से 80 हजार रुपये का जुर्माना भरा। उसके बाद उन्हें जाने दिया गया। डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि सेंक्चुरी क्षेत्र के उत्तरी चौक रेंज में प्यास नदी के पुल के पास आरोपित आग जलाकर भोजन बना रहे थे। जंगल में आग जलाना गैर कानूनी व प्रतिबंधित है। प्रकरण में चार युवकों के खिलाफ केस काटा गया। जुर्माना भी लगाया गया। जुर्माना भरने के बाद चारों युवकों को आवश्यक दिशा निर्देश देकर छोड़ दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।