महराजगंज में बकरी चरा रही बच्ची पर तेंदुए ने किया हमला, जख्मी
Maharajganj News - लक्ष्मीपुर (महराजगंज), हिन्दुस्तान संवाद। महराजगंज जिले में सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर क्षेत्र की

लक्ष्मीपुर (महराजगंज), हिन्दुस्तान संवाद। महराजगंज जिले में सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत जंगल गुलहरिया में मंगलवार को बकरी चरा रही नौ साल की एक बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर जख्मी कर दिया। घायल अवस्था में बच्ची को लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार है। कोल्हुई थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जंगल गुलहरिया की इस्तिमा (9) पुत्री धर्मेंद्र गांव के किनारे जंगल के पास बकरी चरा रही थी। इसी दौरान एक तेंदुए ने उस पर अचानक हमला कर दिया। इस्तिमा जोर से चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर ग्रामीण भाग कर मौके पर पहुंचे।
लोगों का शोर सुनकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। बच्ची के कंधे और गर्दन को तेंदुए ने जख्मी कर दिया, जिसे परिजनों ने सीएचसी लक्ष्मीपुर में भर्ती कराया। चिकित्सक डॉ. बीके शुक्ल ने बताया कि घायल इस्तिमा खतरे से बाहर है। उसका इलाज चल रहा है। लक्ष्मीपुर के वन क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि जंगल से भटककर शिकार की तलाश में तेंदुआ जंगल के किनारे आ गया था। वह फिर जंगल की ओर भाग गया है। लोगों को सतर्क किया गया है कि वे जंगल के किनारे की ओर न जाएं। विभाग की नजर बनी हुई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।