ऑफिस में फंदे से लटकता मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
Maharajganj News - कोल्हुई कस्बे में एक आरा मशीन के ऑफिस में सनी जायसवाल (26) का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। युवक पिछले दो वर्षों से लकड़ी का कारोबार कर रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच...

कोल्हुई, हिन्दुस्तान संवाद। कोल्हुई कस्बे में एक आरा मशीन के ऑफिस में एक युवक का शव फंदे से लटकता हुआ मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुरंदरपुर क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी सनी जायसवाल (26) कोल्हुई में एक आरामशीन पिछले दो वर्षों से रेंट पर लेकर संचालित करता था। उसका लकड़ी का कारोबार था। आरामशीन पर ही एक रूम में वह रहता था। बताया जा रहा है कि रविवार की रात खाना खाने के बाद ऑफिस में ही सोने चला गया। अगले दिन दोपहर में आरामशीन में काम करने वाले मिस्त्री पहुंचे तो कई बार सनी को जगाया और फोन किया।
कोई जवाब नहीं मिला तो खिड़की तोड़कर देखा तो सनी का शव रस्सी से लटका था। यह देख मजदूरों ने अगल-बगल के लोगों को घटना के बारे में बताया। सूचना पर पहुंची सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने जांच की और फोरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाया। इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। एसओ आशीष सिंह ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने में बाद ही मौत की असली वजह पता चल सकेगी। पुलिस जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।