30 साल पुराने चकमार्ग का विवाद खत्म, बनेगा सीसी मार्ग
Mainpuri News - मैनपुरी में 30 साल पुराने चकमार्ग के विवाद का समाधान हुआ। ग्रामीणों ने हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद में अपनी समस्या रखी। एसडीएम घिरोर ने पुलिस के साथ गांव पहुंचकर विवाद का समाधान किया। अब चकमार्ग...

मैनपुरी। हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद का बड़ा असर हुआ है। 30 साल पुराने चकमार्ग के विवाद को लेकर गांव में तनाव बना रहता था। पिछले एक माह से इस विवाद को लेकर ग्रामीण थाने से लेकर डीएम, एसपी के यहां चक्कर लगा रहे थे। कलक्ट्रेट पर ग्रामीणों द्वारा धरना भी दिया गया। बोले मैनपुरी संवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्या रखी। हिन्दुस्तान ने इस समस्या का प्रकाशन किया और अधिकारियों से इस समस्या के समाधान के लिए कहा गया। शुक्रवार को एसडीएम घिरोर पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। दोनों पक्षों से बात की और चकमार्ग के निर्माण का रास्ता साफ कर दिया अब इस चकमार्ग पर सीसी मार्ग बन जाएगा और ग्रामीणों की समस्या का समाधान भी हो जाएगा।
बरनाहल थाना क्षेत्र और घिरोर ब्लाक की ग्राम पंचायत अटा हरैना के मजरा नगला महाराम में 30 साल पुराने कच्चे चक मार्ग से होकर ग्रामीण आवागमन करते आए हैं। इस चकमार्ग पर ग्रामवासी गंगाराम का खेत जुड़ा हुआ है। उन्होंने यहां मंदिर का निर्माण शुरू कराया तो चकमार्ग मंदिर की जद में आ गया। ग्रामीणों ने चकमार्ग को बनाए रखने की मांग की लेकिन बात नहीं बनी तो विरोध शुरू हो गया। गंगाराम चकमार्ग छोड़ना नहीं चाहते थे और ग्रामीण चकमार्ग बनाए रखना चाहते थे इसी को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। 16 मई को हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी बात रखी। जिसका प्रकाशन हुआ। शुक्रवार को एसडीएम घिरोर प्रसून कश्यप राजस्व और पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे। नापजोख कराई्र गई और ग्रामीणों की सहमति से बुलडोजकर चलवाकर चकमार्ग का रास्ता साफ कराया गया। चकमार्ग का रास्ता साफ हुआ तो सीसी मार्ग बनाने का काम भी शुरू करा दिया गया। 30 साल पुरानी समस्या का समाधान होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और हिन्दुस्तान का आभार जताया है। ग्रामवासी राजरानी, श्यामा देवी, प्रमिला, ममता, रामचंद्र, बलजीत, लता, ग्राम प्रधान आलोक यादव आदि ने समस्या के समाधान के लिए हिन्दुस्तान का आभार जताया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।