रेलिंगविहीन पुलिया से हादसे का बना भय
Mau News - मधुबन तहसील क्षेत्र के नई बस्ती के पास बने पुल की रेलिंग निर्माण के कुछ ही दिन बाद टूट गई है। इससे वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन और जन प्रतिनिधियों से मरम्मत...
दुबारी। मधुबन तहसील क्षेत्र के नई बस्ती से होते हुए बरहज घाट देवरिया को जाने वाली पिच मार्ग पर बने पुल की रेलिंग निर्माण के कुछ दिनों बाद ही क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे अबतक विभाग सही नहीं करा सका है। ऐसे में इधर से गुजरने वाले वाहन चालकों को आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रीय लोगों ने इस पुल के क्षतिग्रस्त रेलिंग को सही कराने की मांग की है। देवरिया जनपद के बरहज घाट जाने वाले मार्ग पर नई बस्ती के समीप बनी पुलिया की रेलिंग टूट गई है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है।
इस समस्या समाधान की मांग को लेकर क्षेत्रीय सपन कन्नौजिया, अखिलेश सिंह, कौशल चौहान, जयराम यादव, शिवशंकर उपाध्याय आदि ने प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर जन प्रतिनिधियों से मांग की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। बाढ़ के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। इस पुल से लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन करने के लिए विवश होते हैं। बावजूद शासन प्रशासन का ध्यान इस तरफ नहीं जाता है। क्षेत्र के खैरा, जरलहवा, विंटोलिया, मनमन का पुरा, धूस, भगत का पुरवा आदि कई गांवों के लोग प्रतिदिन इस पुल से आवागमन करते हैं। सबसे बड़ी परेशानी रात के समय होती है। यदि चालक थोड़ी सी असावधानी बरतता है तो वह सीधे पुल के नीचे गिर सकता है। समस्या समसधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चेताया अगर बाढ़ आने के पूर्व समस्या समाधान नहीं हुआ तो हम लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।