मेरठ : वहम में जी रहे हैं राहुल गांधी : सुधांशु त्रिवेदी
Meerut News - भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला किया, उन्हें वहम में रहने वाला बताया। त्रिवेदी ने कहा कि गांधी के शब्द पाकिस्तान के नेताओं के भी नहीं हैं और मोदी सरकार की...

मेरठ। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वहम में जी रहे हैं। वहम का इलाज हकीम लुकमान के पास भी नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि जो शब्द राहुल गांधी ने प्रयोग किया वह तो पाकिस्तान के नेताओं और जनरल ने भी नहीं किया। सोमवार को डॉ. सुधांशु त्रिवेदी मेरठ में छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति के तत्वावधान में आयोजित हिन्दू साम्राज्य दिवस समारोह में पहुंचे थे। कार्यक्रम से पहले होटल ओलिविया में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहाकि राहुल गांधी पाकिस्तान के हाफिज, मुहाफिज बनना चाहते हैं।
राहुल स्वयं को संस्थान मानते हैं, संविधान से ऊपर मानते हैं। राहुल गांधी कहते थे कि आतंकवाद पर नियंत्रण संभव ही नहीं है, लेकिन मोदी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक करके दिखा दिया। ऑपरेशन सिन्दूर करके दिखा दिया। राहुल गांधी ने तो सेना तक पर सवाल उठा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया ने भारत की ताकत को देख लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार चुनाव में राहुल गांधी को गठबन्धन में कोई भाव नहीं मिल रहा। इस कारण वे तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। चुनाव और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के 11 वर्ष का कार्यकाल अभूतपूर्व और ऐतिहासिक रहा है। इन 11 वर्षों में न केवल सरकार बदली है, बल्कि देश की सोच, स्वाभिमान और आत्मबल भी बदला है। उन्होंने कहा कि इस कार्यकाल में 55 करोड़ लोगों को जन धन खाते मिले हैं और भारत ने इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा, रेलवे और एयरपोर्ट के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था, तीसरा बड़ा ऑटोमोबाइल निर्माता और दूसरा बड़ा मोबाइल हैंडसेट निर्माता है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार के वित्त मंत्री ने संसद में कहा था कि डिजिटल लेनदेन कैसे हो सकता है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने यह करके दिखाया है। आज भारत की छवि बदल गई है और हम आतंकवादी घटनाओं का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं। हमारा डिफेंस प्रोडक्शन 1 लाख 23 हजार करोड़ का है और हम 23 हजार करोड़ का डिफेंस एक्सपोर्ट कर रहे हैं। यह भारत की बहुत बड़ी सफलता है। चंद्रशेखर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।