नौ जून से धरने पर बैठेंगे कर्मचारी, ठप होगी सफाई व्यवस्था
Meerut News - मेरठ में नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ ने नगरायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। सफाई कर्मचारियों की भर्ती और...

मेरठ। बुधवार को नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ ने नगरायुक्त कार्यालय टाउन हॉल पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि यदि मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आगामी सोमवार से नगर निगम कार्यालय में कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे और शहर की सफाई व्यवस्था को ठप किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विनेश मनोठिया ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी सफाई कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। हर बार मांगों को पूरा करने के लिए मौखिक आश्वासन देकर टाल देते हैं। एक भी मांगों को आज तक पूरा नहीं किया गया।
नगर निगम में लंबे समय से सफाई कर्मचारियों की भर्ती नहीं की गई। शहर की आबादी 30 लाख से अधिक है, ऐसे में 84 सौ कर्मचारियों की आवश्यकता है। वर्तमान में तीन हजार कर्मचारी कार्यरत हैं, सफाई कर्मचारियों भर्ती की जाए। नगर निगम में चल रही ठेका प्रथा को समाप्त किया जाए। कहा कि यदि उनकी मांगों को समय से पूरा नहीं किया गया तो 9 जून से सफाई कर्मचारी नगर निगम कार्यालय में धरने पर बैठेंगे और शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर देंगे। अपर नगरायुक्त ने ज्ञापन लेते हुए कहा कि वह नगरायुक्त से बात कर उनकी मांगों का पूरा कराने का प्रयास करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में बब्बू वैद, सुरेश रिछपाल, प्रमोद चौधरी, राजकुमार सिद्धार्थ, अजय खलीफा आदि रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।