खुशखबरी : अब चार स्थानों पर बनेंगे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र
Moradabad News - जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को अब नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ज़ोनल कार्यालयों पर भी यह प्रमाण पत्र बनाए जा सकेंगे। अधिकारियों की तैनाती की गई है और इस सप्ताह से...

जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने वाले लोगों को अब टाउन हाल स्थित नगर निगम कार्यालय के चक्कर काटने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब निगम के जोनल कार्यालयों पर भी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए जा सकेंगे। इस संदर्भ में अधिकारियों की भी तैनाती कर दी गई है। इसी सप्ताह जोनल कार्यालयों से भी प्रमाण पत्र बनना शुरू हो जाएंगे। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दूर-दराज के लोगों को टाउन हाल स्थित नगर निगम कार्यालय जाना पड़ता था। वहां उन्हें लंबी-लंबी लाइनों में खड़े होने के लिए मजबूर होना पड़ता था।
आलम यह है कि बड़ी संख्या में आवेदन लंबित पड़े हुए हैं। इसका एक प्रमुख कारण पोर्टल में तकनीकी खामी को बताया जा रहा है। एक-एक प्रमाण पत्र बनवाने में लंबा समय लगता है। बीच-बीच में पोर्टल में तकनीकी खामी के कारण काम रुक जाता है। लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखकर निगम के उप सभापति डाक्टर गौरव गुप्ता के द्वारा निगम कार्यकारिणी की बैठक में भी उठाया गया। सभी सदस्यों ने प्रस्ताव को पारित भी कर दिया। इसके बाद निगम के जोनल कार्यालय गुलाबबाड़ी, मानसरोवर व मधुबनी पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह, कर निर्धारण अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह व संयुक्त नगर आयुक्त निशा मिश्रा के अलावा डिप्टी नगर आयुक्त रामपाल सिंह की तैनाती की गई। महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि इसी सप्ताह बदली हुई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। ------------- हिन्दुस्तान लगातार उठाता रहा लोगों की परेशानी मुरादाबाद। आपका प्रिय ‘हिन्दुस्तान अखबार लगातार जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों की परेशानियों की खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता रहा है। जोनल कार्यालय पर प्रमाण पत्र बनाए जाने का सुझाव भी निगम अधिकारियों को दिया था। इसके बाद ही मामले को निगम की कार्यकारिणी की बैठक में उठाया गया। प्रस्ताव पर महापौर द्वारा मोहर भी लगाई गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।