रायबरेली में रिश्ते का कत्ल: दादी की लाठी से पीट-पीट कर पिता ने कर दी हत्या, पोते ने कराई FIR
यूपी के रायबरेली में बेटे ने अपनी मां को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला। आरोपी के बेटे अपने पिता पर दादी की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमे के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रिश्ते के कत्ल की खबर सामने आई है। यहां खीरो थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात शराबी बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां की लाठी डंडे से पीट-पीट कर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी के बेटे ने अपने पिता के खिलाफ तहरीर देकर दादी की हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। मौके पर पहुंच पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना खीरो थाना क्षेत्र के बैरी विशाल खेड़ा मजरे सेमरी गांव की है। 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला स्वागा पत्नी स्व़ बैजनाथ इसी गांव की रहने वाली है। बुजुर्ग महिला का बेटा 50 वर्षीय गहरेश्वर शराब के नशे का आदी है। वह अक्सर शराब के नशे में घर पहुंचता है। नशे में घर पहुंचने के बाद वह विवाद करता है। इसी तरह वह सोमवार रात पहुंचा। नशे में धुत था। मां ने शराब पीने को लेकर पूछा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। वह अपनी बुजुर्ग मां से झगड़ने लगा। दोनों में कहासुनी बढ़ गई।
विवाद के बीच गुस्से में लाठी डंडे से पीट-पीट कर अपनी बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी ने खबर पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दादी की हत्या से दुखी पोते ने अपने पिता पर मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।