हम भाजपा के साथ, लेकिन...पंचायत चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने बताई मंशा, गठबंधन पर भी बोले मंत्री
योगी सरकार के पंचायती राज व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वह भाजपा के साथ हैं। अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर भी राजभर ने अपनी मंशा बताई।

लखीमपुर खीरी पहुंचे योगी सरकार के पंचायती राज व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वह भाजपा के साथ हैं। अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर भी राजभर ने अपनी मंशा बताई। उन्होंने कहा, पंचायत का चुनाव वह अलग लड़ेंगे। इससे उनके गठबंधन पर कोई फर्क नहीं आने वाला। वह जिसके साथ होते हैं, विधानसभा चुनाव वही जीतता है। राजभर शनिवार को निघासन में आयोजित कार्यक्रम में जाने से पहले लखीमपुर में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग मंत्री ओमप्रकाश राजभर शनिवार की दोपहर में जिले में पहुंचे। उन्होंने मोहम्मदाबाद अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। इसके बाद यहां योजनाओं की समीक्षा भी की। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव में उनके कार्यकर्ता दमखम से उतरेंगे और जीतेंगे भी। राजभर ने कहा कि अकेले लड़कर पिछले चुनाव में उनकी पार्टी ने 117 जिला पंचायत सदस्य, 1200 प्रधान और 11 नगर पंचायत अध्यक्ष की सीटों पर जीत हासिल की थी। राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव अलग लड़ने से सरकार या गठबंधन पर कोई फर्क नहीं है। हर कार्यकर्ता चुनाव लड़ना चाहता है। उसको मौका देना पड़ेगा। इस चुनाव में कोई पार्टी सिंबल नहीं होता है।
बातचीत के दौरान राजभर ने बिजली निगम के निजीकरण की पैरवी की और दावा किया कि इससे गरीबों पर फर्क नहीं पड़ेगा। वजह है कि सरकार सबके लिए 75 फीसदी सब्सिडी पर सोलर पैनल दे रही है। लखीमपुर के बाद निघासन पहुंचे मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अहिल्या बाई होल्कर के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा और बसपा के दलों ने आमंत्रित किया कि हमारे साथ आ जाओ, लेकिन हम नहीं गए। जब पिछड़े और ओबीसी को न्याय दिलाने को हम भाजपा के साथ आए। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमन दीप सिंह, भाजपा प्रदेश सह संयोजक राजेश्वर सिंह आदि लोगों ने मंत्री का स्वागत किया। इससे पहले ढखेरवा चौराहा में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह, देवेन्द्र चतुर्वेदी, मकसूद अली ने उनका स्वागत किया।
गर्मी में बेहाल हो गए कार्यकर्ता, बीच कार्यक्रम गए
निघासन में जहां कार्यक्रम था, वहां कार्यकर्ता बेहाल हो गए। गर्मी अधिक थी और डीजल न मिलने के कारण हाल में लगी एसी नहीं चल रही थी। इसलिए सारे कार्यकर्ता बाहर बैठे थे। पानी न मिलने के कारण कार्यकर्ता परेशान थे। एक बजे का कार्यक्रम था। राजभर तीन बजे कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान तमाम लोग वापस चले गए। कुछ उमस के मारे बीच से उठकर चले गए।