70 वर्ष के संघर्ष के बाद ग्रामीणों को मिला रास्ता
Pratapgarh-kunda News - जेठवारा के सराय दासू गांव में ग्रामीणों ने 70 साल बाद सफलता पाई। एसडीएम लालगंज के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने सरकारी भूमि पर किया गया अतिक्रमण हटाकर चकमार्ग का निर्माण शुरू किया। इससे गांव के...
जेठवारा, हिन्दुस्तान संवाद। आखिरकार ग्रामीणों को 70 वर्ष के संघर्ष के बाद सफलता मिल गई। एसडीएम लालगंज के निर्देश पर अफसरों की टीम ने सरकारी भूमि पर किया गया अतिक्रमण हटाकर चकमार्ग का निर्माण शुरू करा दिया गया। इससे गांव के सैकड़ों परिवारों को सहूलियत मिल गई। लालगंज तहसील के सराय दासू गांव के सैकड़ों परिवारों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं था। कारण चकमार्ग पर गांव के ही कुछ लोगों ने अवैध तरीके से कब्जा कर रखा था। अवैध कब्जा हटवाने और रास्ते का निर्माण कराने के लिए गांव के लोग करीब 70 वर्ष से संघर्ष कर रहे थे।
बावजूद इसके प्रशासन अवैध कब्जा हटवाने में सफल नहीं हो रहा था। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कोई कुछ बोलना भी चाहता था। कई बार ऐसा हुआ कि अवैध कब्जा हटवाने के लिए अफसर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन अराजकतत्वों के आगे उनकी एक न चली। दो दिन पहले भी ग्राम प्रधान की शिकायत पर राजस्व औरर पुलिसकर्मी अवैध कब्जा हटवाने पहुंचे थे लेकिन अराजकतत्वों ने उन्हें लौटा दिया था। अफसरों की शिकायत पर एसडीएम लालगंज शैलेन्द्र वर्मा ने सोमवार को राजस्वकर्मियों के साथ एसओ जेठवारा को मौके पर जाकर मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया। मौके पर पहुंचे अफसरों ने चकमार्ग पर किया गया अतिक्रमण हटवाकर चकमार्ग का निर्माण शुरू करा दिया। अफसरों की इस कार्रवाई से गांव के सैकड़ों परिवारों को राहत मिलेगी। बोले ग्रामीण... गांव के ही कुछ लोगों ने वर्षों से चकमार्ग की भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा कर रखा था। इसे खाली कराने और चकमार्ग का निर्माण कराने की मांग लगातार की जा रही थी, लेकिन अराजकतत्वों के आगे अफसर कमजोर पड़ जा रहे थे। एसडीएम की पहल से अवैध कब्जा हटा दिया गया और चकमार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। इससे गांव के तमाम परिवार लाभान्वित होंगे। कलीम गांव के मुख्य मार्ग पर ही अराजकतत्वों ने कब्जा कर रखा था। इसकी कई बार पैमाइश कराई गई लेकिन अवैध कब्जा हटवाया नहीं जा सका। जबकि गांव वालों के निकलने का यही एकमात्र रास्ता था। वर्तमान ग्राम प्रधान के प्रयास से एसडीएम ने टीम गठित कर अवैध कब्जा हटवा दिया। चकमार्ग का निर्माण शुरू हो गया है, इससे गांव वालों में खुशी है। खुर्शीद इनका कहना है तहसील के सराय दासू गांव में करीब एक किमी लंबे चकमार्ग पर काफी पहले से अतिक्रमण कर फसल बोई जा रही थी। इसकी शिकायत सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम प्रधान की ओर से की गई थी। राजस्वकर्मियों की टीम भेजकर अतिक्रमण हटवा दिया गया है। शैलेन्द्र वर्मा, एसडीएम लालगंज
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।