कमला बलान नदी में प्री मानसून हलचल शुरू, प्रशासन अलर्ट
झंझारपुर में कमला बलान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा, जो खतरे के निशान के करीब पहुंच गया था। स्थानीय प्रशासन और निवासी सतर्क हैं। नदी में हलचल मानसून से पहले देखी जा रही है, जिससे संभावित बाढ़ की आशंका बढ़...
झंझारपुर,निज संवाददाता। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से पहले ही कमला बलान नदी में हलचल शुरू हो गई है। स्थानीय प्रशासन और निवासी सतर्क हो गए हैं। पिछले दो दिनों से नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है, हालांकि अभी यह खतरे के निशान से नीचे है। रविवार रात को कमला बलान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा और सोमवार सुबह तक यह 49.98 मीटर तक पहुंच गया। यह आंकड़ा नदी के डेंजर लेवल 50.50 मीटर से महज 52 सेंटीमीटर नीचे था। इसके बाद नदी में पानी का स्तर घटने लगा और मंगलवार को यह 49.15 मीटर पर आ गया।
नदी के जलस्तर में यह शुरुआती हलचल मानसून के आगमन से पहले ही देखी जा रही है, जो संभावित बाढ़ की आशंका को जन्म देती है। विभागीय अभियंताओं ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नदी पर अपनी निगरानी बढ़ा दी है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल एक के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार के मुताबिक यह पानी नेपाल में हुई बारिश के कारण आया है। फिलहाल इस पानी से कोई खतरा नहीं है। बाढ़ आने पर संवेदनशील स्थलों पर बढ़ जाता खतरा झंझारपुर से गुजरने वाली कमला बलान नदी के जलस्तर में वृद्धि होते ही पूर्वी व पश्चिमी तटबंध के 15 ऐसे जगह हैं जहां कटाव व दवाब का खतरा मंडराने लगता है। झंझारपुर शहर के ठीक सामने पिपराघाट, अदलपुर, परतापुर प्रमुख संवेदनशील स्थल माना गया है। चूंकि इस तीनों जगहों पर नदी का मुख्य धार तटबंध से सटकर बह रहा है और जब भी नदी में भीषण बाढ़ आती है तो यहां पानी का तेज करंट सीधे तटबंध से टकराता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।