गर्मियों में होने वाली मौत का होगा सर्वे
Prayagraj News - प्रयागराज में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गर्मी और सामान्य दिनों में होने वाली मौतों का डेटाबेस तैयार करने का निर्णय लिया है। यह अध्ययन मई, जून और जुलाई में होने वाली मौतों का तुलनात्मक अध्ययन...

प्रयागराज। संगमनगरी में होने वाली मौतों का डेटाबेस तैयार होगा। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गर्मी और सामान्य दिनों में होने वाली मौतों का तुलनात्मक अध्ययन करेगा। डेटाबेस के आधार पर राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देखना चाहता है कि मई, जून और जुलाई में कितनी मौतें होती हैं। इनके अलावा गर्मी के मौसम में शहर के तापमान का भी आंकड़ा लिया जाएगा। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण प्रदेश के प्रयागराज, लखनऊ, आगरा और झांसी में गर्मी से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयार कर रहा है। कार्य योजना तैयार करने को लेकर बुधवार को प्राधिकरण ने बुधवार को नगर निगम में कार्यशाला का आयोजन किया।
प्राधिकरण की ओर से गर्मी से निपटने के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना के बारे में अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव ने बताया कि बड़े स्तर पर काम हो रहा है। अपर नगर आयुक्त के मुताबिक प्रदेश के चारों शहरों के तापमान का डेटाबेस भी तैयार किया जाएगा। इसमें अधिकतम तापमान का वर्षवार अध्ययन होगा। मलिन बस्तियों के जिन घरों की छतों का सफेद पेंट होगा, उनके भी तापमान का तुलनात्मक आंकड़ा लिया जाएगा। इसमें देखा जाएगा की छत पेंट करने से पहले और बाद में तापमान में क्या अंतर आया। कयास लगाया जा रहा है कि छत सफेद पेंट होने से तीन से चार डिग्री सेल्सियस तापमान का अंतर आ सकता है। घर की छतों पर पेंटिंग का काम स्वयं सेवी संस्थाओं को सौंपा जाएगा। सभी काम और कार्ययोजना पर नगर निगम नोडल एजेंसी के नाते निगरानी करेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।