डेढ़ करोड़ के गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
Prayagraj News - हंडिया थाने की पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के 1300 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी ने ओडिशा से गांजा लाकर प्रयागराज और आसपास के जिलों में सप्लाई करने की बात कबूल की। पुलिस...

हंडिया थाने की पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के 1300 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के घर से तीन वाहनों में लदी 50 बोरियों के अंदर गांजा बरामद किया गया। ओडिशा से गांजा लाकर प्रयागराज और आसपास के जिलों में गांजा की सप्लाई करता था। अवैध कारोबार में अन्य लोगों की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हंडिया पुलिस को मंगलवार की रात लगभग साढ़े 11 बजे चौरा बड़ेरा निवासी घनश्याम त्रिपाठी के मकान के पीछे भारी मात्रा में गांजा होने की सूचना मिली। एसीपी हंडिया सुनील कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक बृजकिशोर गौतम ने टीम के साथ छापेमारी की। मौके से तस्कर अमित त्रिपाठी उर्फ मुकुंद को गिरफ्तार किया गया। वहीं, तीन वाहनों व घर में बने गोदाम से 50 बोरियों में कुल 1300 किलो अवैध गांजा व इलेक्ट्रानिक तराजू बरामद की गई। बरामद गांजा की कीमत डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि जावेद खान निवासी कोड़ापुट जयपोर ओडिशा से गांजा लाकर अपने परिजनों व सहयोगियों के साथ मिलकर चारपहिया वाहनों से गांजा की तस्करी करता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।