135 ग्राम पंचायतों में वैज्ञानिक किसानों से करेंगे संवाद
Rampur News - कृषि एवं किसान मंत्रालय द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान का आगाज आज चमरौआ ब्लाक की ग्राम पंचायत कलरख में हुआ। यह अभियान 29 मई से 12 जून तक चलेगा, जिसका उद्देश्य किसानों को खरीफ मौसम की प्रमुख फसलों और...

कृषि एवं किसान मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत विकसित कृषि संकल्प अभियान का आगाज आज से हो रहा है। चमरौआ ब्लाक की ग्राम पंचायत कलरख में जिला पंचायत ख्यालीराम लोधी और भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार इस कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह ने बताया कि यह अभियान 29 मई से 12 जून तक चलेगा। इस अभियान का मकसद क्षेत्र विशेष के लिए खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों से संबंधित आधुनिक तकनीकों के बारे में किसानों को जागरूक करना, किसानों के लिए उपयोगी सरकारी योजनाओं-नीतियों के बारे में बताना, किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड में सुझाई गई विभिन्न फसलों के चयन तथा संतुलित खादों के प्रयोग के लिए जागरूक एवं शिक्षित करना है।
साथ ही किसानों से फीडबैक प्राप्त करना ताकि उनके द्वारा किए गए नवाचार के बारे में वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त कर अनुसंधान की दिशा का निर्धारण किया जा सके। अभियान में आईवीआरआई बरेली और कृषि विज्ञान केंद्र धमोरा के वैज्ञानिकों की तीन टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम के द्वारा प्रत्येक दिन चयनित तीन ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम का आयोजन होगा। 15 दिन के इस अभियान में 135 ग्राम पंचायतों में वैज्ञानिकों की टीम गांवों में जाकर किसानों से संवाद करेगी। गुरुवार को चमरौआ के कलरख के अलावा राजा रामपुर, हरियाल, बिलासपुर के ग्राम खंडिया, पजइया, दनकरी और सैदनगर के बैजनरी सूरत सिंहपुर, सरावा में कार्यक्रम होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।