लखनऊ में स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के लिए 72 घंटे में लूटी 3 चेन, किशोर 2 साथियों संग गिरफ्तार
राजधानी लखनऊ में किशोर और उसके साथियों ने स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के लिए 72 घंटे में 3 चेन लूटी।तीन वारदात को अंजाम देने वाले किशोर को उसके दो साथियों संग गिरफ्तार कर लिया गया है।

लखनऊ में गोमतीनगर पुलिस ने 72 घंटे में लूट की तीन वारदात को अंजाम देने वाले किशोर को उसके दो साथियों संग गिरफ्तार किया। बदमाशों ने स्पोर्ट्स बाइक खरीदने का मन बनाया था। जिसके लिए रुपयों की जरूरत थी। इसे पूरा करने के लिए चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया। गोमतीनगर के अलावा गोमतीनगर विस्तार और विभूतिखंड थानाक्षेत्र में भी आरोपितों ने चेन लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था।
फुटेज की मदद से दबोचे गए
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि खरगापुर क्रासिंग निवासी विमल रावत, ग्वारी निवासी सिद्धार्थ यादव और 16 वर्षीय किशोर को हैनीमैन चौराहे के पास से पकड़ा गया। आरोपितों के पास से सात चेन और दो लॉकेट मिले। इंस्पेक्टर ने बताया कि 10 जून की सुबह सहेलियों संग सैर करने जा रही गरिमा राय से बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट की वारदात की थी। इसके बाद विभूतिखंड एमिटी कॉलेज के पास एक महिला से चेन लूट की घटना को अंजाम दिया। सिलसिलेवार दो वारदात करने के बाद बदमाश गोमतीनगर विस्तार के विज्ञानखंड में पहुंचे। जहां नाती के साथ मार्निंग वॉक कर रही हीरावती से चेन लूट कर भाग निकले।
मार्निंग वॉक कर रही महिलाओं पर रहती है विशेष नजर
विमल रावत ने पुलिस को बताया कि उसे स्पोर्ट्स बाइक का शौक है। जिसे खरीदने के लिए रूपयों की जरूरत थी। इसलिए दोस्त सिद्धार्थ और किशोर के साथ मिल कर लूट की वारदात को अंजाम देता है। आरोपित ने बताया कि सुबह के वक्त सैर के निकलने वाले उनके निशाने पर होते है। क्योंकि इस वक्त पुलिस की गश्त कम होती है। गिरोह के सदस्य महिलाओं को विशेष रूप से चिह्नित करते थे। क्योंकि महिलाओं के विरोध करने की संभावना कम होती है।
अधूरी नम्बर प्लेट लगा लूट को दिया अंजाम
गोमतीनगर विस्तार कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने वाली हीरावती ने पुलिस को बताया था कि बदमाशों की बाइक पर अधूरा नम्बर था। पूछताछ में पता चला कि पुलिस से बचने के लिए वह अधूरी नम्बर प्लेट का इस्तेमाल करते हैं।