बहजोई की अनाज मंडी में गरजा अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर
Sambhal News - अनाज मंडी प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्थाई अतिक्रमण को ध्वस्त किया। व्यापारियों ने प्रशासन की कार्रवाई पर रोष जताया और आरोप लगाया कि प्रशासन मनमानी कर रहा है। प्रशासन ने करीब...

अनाज मंडी प्रशासन ने गुरुवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से स्थाई अतिक्रमण को ध्वस्त करा दिया। प्रशासन की कार्रवाई पर व्यापारियों ने रोष जताया। व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन मनमानी करते हुए मंडी को उजाड़ रहा है। इस बीच मंडी प्रशासन व व्यापारियों की नोंकझोंक भी हुई। इस पर कई थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई। इससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। वहीं एसडीएम चन्दौसी विनय कुमार मिश्रा से वार्ता के बाद आढ़तियों ने खुद ही दुकानों के बाहर अवैध अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया। प्रशासन के मुताबिक अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गुरुवार को अनाज मंडी प्रशासन ने एसडीएम चन्दौसी विनय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अवैध रूप से बनीं दुकानों व खोखों पर कार्रवाई शुरू की। मंडी प्रशासन ने मंडी के करीब 50 दुकानदारों को अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया था। इसके बाद पिछले तीन दिनों से ई-रिक्शा के माध्यम से मुनादी कराई गई थी। दुकानों के बाहर बने चबूतरों पर स्थाई रूप से अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्रवाई के बाद व्यापारियों में रोष पनपने लगा। कई व्यापारियों ने हंगामा करने का प्रयास किया तो, एसडीएम ने कई थानों की फोर्स बुला ली। सूचना मिलने पर पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू माैके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाया। इस बीच थाना धनारी, कोतवाली चन्दौसी समेत बनियाठेर की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद जेसीबी की मदद से स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण को हटाने का काम शुरू कर दिया। इस बीच एक व्यापारी को नोंकझोंक करने पर पुलिस वैन में बैठा दिया। हालांकि बाद में उसे चेतावनी के बाद छोड़ दिया गया। मंडी सचिव मोहित फौजदार ने बताया कि करीब 50 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे। इसके अलावा पिछले कई दिनों से लाउडस्पीकर से अतिक्रमण हटाए जाने को मुनादी कराई जा रही है। इसके बावजूद अतिक्रमण न हटाए जाने पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि करीब 6 दुकानों व 8 खोखों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिजली अधिकारियों ने भी चलाया अभियान एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने मंडी परिसर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मौके पर बिजली अधिकारियों को बुला लिया। एसडीओ बहजोई अखिलेश कुमार व अवर अभियंता रोहित वरूण ने मौके पर पहुंचकर दुकानों पर विद्युत कनेक्शन की चेकिंग की। एसडीओ ने बताया कि दो दुकानों पर बिना संयोजन बिजली इस्तेमाल की जा रही थी। दोनों व्यापारियों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। शासन के निर्देश पर मंडी परिसर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को अवैध रूप से बनीं स्थाई व अस्थाई दुकानों को हटाया गया है। सभी अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए हैं। लगातार मुनादी कराते हुए अतिक्रमण स्वयं हटाए जाने की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। शुक्रवार की सुबह तक अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। यदि इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो, जेसीबी की मदद से परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। विनय कुमार मिश्रा, एसडीएम चन्दौसी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।