Odisha 10 people including four minors arrested in gangrape case woman on beach ओडिशा में समुद्र तट पर युवती से गैंगरेप मामले में ऐक्शन, 4 नाबालिग समेत 10 लोग पकड़े गए, India News in Hindi - Hindustan
Hindi NewsIndia NewsOdisha 10 people including four minors arrested in gangrape case woman on beach

ओडिशा में समुद्र तट पर युवती से गैंगरेप मामले में ऐक्शन, 4 नाबालिग समेत 10 लोग पकड़े गए

विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने घटना को बेहद चौंकाने वाली बताया। उन्होंने कहा, 'गोपालपुर समुद्र तट पर महिला से सामूहिक बलात्कार की खबर बेहद स्तब्ध करने वाली है। इससे हर कोई हिल गया है।'

Niteesh Kumar भाषाTue, 17 June 2025 05:57 PM
share Share
Follow Us on
ओडिशा में समुद्र तट पर युवती से गैंगरेप मामले में ऐक्शन, 4 नाबालिग समेत 10 लोग पकड़े गए

ओडिशा के प्रसिद्ध गोपालपुर समुद्र तट पर 20 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 4 नाबालिगों समेत 10 लोगों को मंगलवार को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात की है जब निजी कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही छात्रा अपने सहपाठी और प्रेमी के साथ राजा पर्व के अवसर पर समुद्र तट पर गई थी। महिला ने गोपालपुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया कि जब वे दोनों समुद्र तट पर एक सुनसान जगह पर बैठे थे, तब 10 लोगों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने उसके प्रेमी को पकड़ा और फिर बारी-बारी से महिला के साथ बलात्कार किया।

ये भी पढ़ें:100 ईएमयू और 50 नमो भारत ट्रेनों की मिलेगी सौगात, रेल मंत्री ने दी खुशखबरी
ये भी पढ़ें:धमकी, इमरजेंसी लैंडिंग और कैंसिल, 5 दिन में कितनी बार; कैसे संकट में हवाई यात्रा

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘शुरुआत में 7 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। बाद में सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।’ उन्होंने बताया कि आरोपी दूसरे राज्य में भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया। गंजाम के पुलिस अधीक्षक श्रवण विवेक एम ने कहा, 'तीन आरोपियों ने बारी-बारी से युवती का बलात्कार किया, जबकि 7 अन्य उनके आसपास खड़े थे।' उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस अदालत से अनुरोध करेगी कि जिन नाबालिगों ने जघन्य अपराध में भाग लिया है, उन्हें बालिग मानकर सुनवाई की जाए। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल टेस्ट करा लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता तीन अन्य महिलाओं के साथ एक निजी मेस में रहती है।

महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल

इस बीच, उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने बताया कि उन्होंने गंजाम जिले के पुलिस अधीक्षक श्रवण विवेक एम से बात की है। उन्होंने इस मामले की पूरी जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इस घटना से पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है क्योंकि गंजाम जिले का यह समुद्र तट दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों के लिए एक लोकप्रिय स्थल है। विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने घटना को बेहद चौंकाने वाली बताया। उन्होंने कहा, 'गोपालपुर समुद्र तट पर महिला से सामूहिक बलात्कार की खबर बेहद स्तब्ध करने वाली है। इससे हर कोई हिल गया है। यह कृत्य निंदनीय है। पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।' उन्होंने कहा कि सरकार को महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए सतर्क रहना चाहिए और कड़े कदम उठाने चाहिए।

कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने कहा कि वह इस घटना से हिल गई हैं। उन्होंने कहा, 'कॉलेज छात्रा के साथ जो हुआ वह बेहद भयावह है। दस लोगों ने उसके साथ बेरहमी से सामूहिक दुष्कर्म किया। उसके पुरुष मित्र को बांधकर एक ओर छोड़ दिया गया। यह सिर्फ एक अपराध नहीं है, यह राज्य में कानून व्यवस्था की पूरी विफलता को दर्शाता है।' फिरदौस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल रही है। उन्होंने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी की सरकार को इस अव्यवस्था के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। एक महिला होने के नाते, मैं चुप नहीं बैठूंगी। न कोई देरी, न कोई रहम। दोषियों को सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पीड़िता अकेली नहीं है। हम इस मामले को भूलने नहीं देंगे।'

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।