धमकी, इमरजेंसी लैंडिंग और कैंसिल, पांच दिन में कितनी बार; कैसे संकट में हवाई यात्रा?
धमकी, इमरजेंसी लैंडिंग और फ्लाइट कैंसिल। यह एक सिलसिला है, जिससे हवाई यात्री बार-बार रूबरू हो रहे हैं। पिछले पांच दिनों में कम से कम आठ बार ऐसा हो चुका है। क्या हवाई यात्रा वाकई संकट में है?

धमकी, इमरजेंसी लैंडिंग और फ्लाइट कैंसिल। यह एक सिलसिला है, जिससे हवाई यात्री बार-बार रूबरू हो रहे हैं। पिछले पांच दिनों में कम से कम आठ बार। इसमें एक घटना विमान के टेकऑफ के समय पहियों से चिंगारी निकलने की भी है। 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान क्रैश हुआ। इसके बाद से कई फ्लाइट्स रद्द की जा चुकी हैं। कभी बम की धमकी के नाम पर तो कभी तकनीकी दिक्कत का हवाला देते हुए। एक के बाद एक फ्लाइट्स के कैंसिल होने से सवाल उठने लगा है कि क्या हवाई यात्रा संकट में है?
सतर्कता का बढ़ गया स्तर
इतनी ज्यादा संख्या में फ्लाइट्स के कैंसिल होने ने आशंकाओं का स्तर बढ़ा दिया है। बम की धमकियों का सिलसिला तो पिछले कुछ अरसे से चल रहा था। वहीं, तकनीकी खामी का हवाला भी खूब दिया जा रहा था। लेकिन इतने बड़े पैमाने पर फ्लाइट्स कैंसिल बहुत कम ही हुईं। माना जा रहा है कि यह अहमदाबाद विमान हादसे का असर है। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि अहमदाबाद हादसे के बाद एयरलाइंस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। ऐसे में जहां कहीं भी लूपहोल की गुंजाइश है, फ्लाइट रद्द कर दी जा रही है। बता दें कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में 241 यात्रियों की जान चली गई। सिर्फ एक यात्री की जान बची। इस हादसे की जांच अभी जारी है।
पिछले कुछ दिनों का कुछ ऐसा है हाल
17 जून
-एअर इंडिया ने अपनी सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण इसे कोलकाता में निर्धारित ठहराव पर ही समाप्त कर दिया। ‘बोइंग777-200 एलआर’ के 211 यात्रियों से भरा यह विमान मुंबई जाने वाला था। विमान के कप्तान ने सुरक्षा का हवाला दिया।
-इसके बाद इंडिगो एयरलाइन की कोच्चि से दिल्ली जा रही उड़ान में बम रखे होने की धमकी मिली। इसके बाद विमान का मार्ग बदलकर उसे नागपुर की ओर भेजा गया। यहां पर विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया गया है।
-अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 159 को रद्द कर दिया गया। इसके बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने खासी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि फ्लाइट को पहले डिले किया गया और अब रद्द कर दिया गया।
16 जून
-हैदराबाद आ रहे जिस लुफ्थांसा विमान को बम की धमकी मिलने के बाद फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे पर लौटना पड़ा। यह विमान करीब 4000 किमी की यात्रा करके वापस फ्रैंकफर्ट पहुंचा।
-जेद्दा से 242 हाजियों को लेकर लखनऊ पहुंचे सऊदी एयरलाइंस के विमान के उतरते समय पहियों से धुआं निकलने के बाद यहां हवाई अड्डे पर अलार्म बज गया। इस फ्लाइट में 242 हज यात्री सवार थे।
-एअर इंडिया के एक ड्रीमलाइनर बोइंग विमान के दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उसमें तकनीकी समस्या का संदेह होने के बाद सोमवार को उसे हांगकांग लौटना पड़ा।
15 जून
-चेन्नई जाने वाला ब्रिटिश एयरवेज का बोइंग ड्रीमलाइनर विमान रविवार को तकनीकी खराबी के कारण बीच उड़ान से ही वापस लंदन लौट गया। ब्रिटिश एयरवेज ने एक बयान में कहा कि विमान सुरक्षित रूप से उतरा और चालक दल के सदस्य तथा यात्री सामान्य तरीके से विमान से उतर गए।
-गुवाहाटी से कोलकाता जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि ‘तकनीकी खराबी’ के कारण उन्हें दो बार विमान से उतार दिया गया। आखिरकार 18 घंटे से अधिक समय की देरी के गंतव्य के लिए रवाना किया गया।