तेज आंधी और बूंदाबांदी से गर्मी से राहत, कई जगहों पर पेड़ टूटकर गिरे
Sambhal News - संभल में भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार को मौसम अचानक बदल गया। सुबह बादल छाए और तेज आंधी आई, जिससे कई पेड़ गिर गए और यातायात प्रभावित हुआ। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।...

संभल, संवाददाता। जनपद में बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से जहां आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में बादल मंडराने लगे और दोपहर होते-होते तेज आंधी ने पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया। कई स्थानों पर आंधी के चलते पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए। जिससे यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रिकार्ड किया गया। जनपद में भीषण गर्मी व तेज धूप की वजह से बीते कई दिनों से तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच रहा था।
गुरुवार को तापमान 44 डिग्री से अधिक पहुंच गया था। बढ़ते तापमान से लोग गर्मी से दिनभर पसीना पसीना हो रहे थे। शुक्रवार की सुबह में अनाचक मौसम ने करवट ली। सुबह से आसमान में बादल छाने लगे। तेज हवा के बाद जिले के विभिन्न इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने गर्मी से कुछ राहत की सांस ली। मौसम सुहावना हो जाने से बाजारों में रौनक लौट आई और सड़कों पर भी आम दिनों की तुलना में अधिक चहल-पहल देखने को मिली। दिनभर आसमान में छाये बादलों के चलते किसानों ने भी खेतों से जुड़े अपने काम तेजी से निपटाए। हालांकि मौसम में आए इस अचानक बदलाव ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाके में मक्का की फसल इस समय खेतों और सड़कों के किनारे सूखने के लिए पड़ी है। यदि ऐसी स्थिति में तेज बारिश होती है, तो फसलों को भारी नुकसान पहुंच सकता है। गांवों में कई किसानों ने बताया कि मक्का को सूखने में अभी समय लगना है। यदि दो-तीन दिन इसी तरह बूंदाबांदी या बारिश होती रही, तो फसल की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। बाजार में उनकी बिक्री पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।